जालंधर में सरेआम नशा करते दिखे नौजवान! हरसिमरत बादल ने वीडियो शेयर कर सरकार को घेरा

जालंधर में सरेआम नशा करते दिखे नौजवान! हरसिमरत बादल ने वीडियो शेयर कर सरकार को घेरा

सरकार से ठोस कार्रवाई करने और जवाबदेही तय करने की मांग की है

वीडियो आने के बाद पंजाब में नशे की समस्या पर फिर सवाल उठने लगे

एक युवक दूसरे की बाजू में सिरिंज जरिए इंजेक्शन लगाता दिखाई देता है

वहां एक युवक की बाइक पर पंजाब का रजिस्ट्रेशन नंबर बताया जा रहा है

जालंधर

जालंधर के फिल्लौर से नशे के कथित इस्तेमाल का एक वीडियो सामने आया है। इसमें दो युवक कथित तौर पर नशे का इंजेक्शन लगाते दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को मौके पर पकड़ लिया और उनसे पूछताछ की। इस दौरान युवकों और लोगों के बीच करीब पांच मिनट तक बहस हुई। बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल ने यह वीडियो साझा किया और पंजाब सरकार पर निशाना साधा। सरकार इस समस्या पर आंखें मूंदकर बैठी है। हरसिमरत बादल ने सरकार से ठोस कार्रवाई करने और जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त पंजाब युवाओं का अधिकार है। वीडियो सामने आने के बाद पंजाब में नशे की समस्या को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।

लोगों को देखकर युवक ने लगाया इंजेक्शन

वीडियो में एक युवक दूसरे की बाजू में सिरिंज के जरिए इंजेक्शन लगाता दिखाई देता है। बताया जा रहा है कि इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंच गए और वीडियो बनाने लगे। जब स्थानीय लोगों ने उनसे पूछा कि क्या उन्होंने इंजेक्शन लगा लिया है, तो युवकों ने हां में जवाब दिया। इसके बाद लोगों ने उनसे नशा करने को लेकर सवाल किए और उन्हें पुलिस के हवाले करने की बात कही।

रेलवे लिखी बाइक पर आया था एक युवक

वीडियो में दिखाई दे रहे एक युवक की बाइक पर पंजाब का रजिस्ट्रेशन नंबर बताया जा रहा है। बाइक पर नॉर्दर्न रेलवे भी लिखा हुआ था। जब लोगों ने युवक से पूछा कि क्या वह रेलवे में नौकरी करता है, तो उसने जवाब दिया कि उसका चाचा है। युवक ने बताया कि उसे एक काले रंग का व्यक्ति मिला था, जिसके पूछने के बाद हामी भरने पर वह उसे चिट्टा देकर वहां से निकल गया। हालांकि, वीडियो के दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

इलाके में नशे की समस्या पर जताई चिंता

वीडियो बनाने वाले लोगों का दावा है कि इससे कुछ समय पहले भी वे दो युवकों को वहां से भगा चुके हैं। स्थानीय लोगों ने फिल्लौर, जालंधर और आसपास के इलाकों में नशे की समस्या पर चिंता जताई। वीडियो में पकड़े गए दोनों युवक लोगों से माफी मांगते और उन्हें थाने न ले जाने की गुहार लगाते दिखाई देते हैं। आखिर में वे कसम खाते हुए दोबारा इलाके में नहीं आने का वादा करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *