जालंधर में दिल्ली पुलिस की टीम का हंगामा, महिला पुलिसकर्मी से धक्केशाही के आरोप
शहर के माडल टाउन में D-Mart के बाहर देर रात जमकर हुआ विवाद
मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करके मॉडल टाउन पहुंची थी दिल्ली पुलिस
शॉपिंग कर रहे संदिग्ध को पकड़ा, लेकिन मौके पर भीड़ जमा हो गई
हंगामे का फायदा उठाकर आरोपी बाइक मौके पर ही छोड़कर फरार
शराब की बोतल व दो गिलासों में शराब मिलने का मामला आया सामने
दिल्ली पुलिस की टीम ने कार्रवाई से पहले थाना-6 को सूचना नहीं दी थी
जालंधर

जालंधर के पॉश इलाके मॉडल टाउन में मशहूर D-Mart के बाहर देर रात जमकर हंगामा हुआ। एक आपराधिक मामले में फरार आरोपी को पकड़ने के लिए दिल्ली से आई पुलिस टीम ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर इलाके में घेराबंदी की और शॉपिंग कर रहे संदिग्ध को पकड़ भी लिया, लेकिन इसी बीच मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। हंगामे का फायदा उठाकर आरोपी अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना के दौरान एक व्यक्ति ने दिल्ली पुलिस की महिला पुलिसकर्मी के साथ धक्केशाही किए जाने के आरोप लगाए। दिल्ली पुलिस की प्राइवेट गाड़ी से शराब की बोतल और दो गिलासों में भरी शराब मिलने का मामला भी सामने आया, जिसके बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।
पहले स्थानीय पुलिस को नहीं दी गई सूचना
बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस की टीम ने कार्रवाई से पहले स्थानीय थाना-6 को सूचना नहीं दी थी। बाद में दिल्ली पुलिस ने थाना-6 की पुलिस को घटनाक्रम के बारे में बताया। थाना-6 की पुलिस ने शुरुआत में कहा कि उन्हें इस कार्रवाई की कोई जानकारी नहीं थी। हालांकि, दिल्ली पुलिस के जांच अधिकारी (IO) से बातचीत के बाद स्थानीय पुलिस ने टीम को पूरा सहयोग दिया।
शॉपिंग दौरान पकड़ा, बाइक छोड़कर भागा
वारदात के बाद आरोपी जालंधर आ गया था। दिल्ली पुलिस की टीम फरार आरोपी के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करते हुए मॉडल टाउन पहुंची थी। लोकेशन D-Mart के आसपास मिलने के बाद टीम ने इलाके में घेराबंदी की और शॉपिंग कर रहे संदिग्ध को काबू कर लिया। आरोपी ने खुद को बेकसूर बताते हुए शोर मचाया। हंगामे के बीच बाइक DL 11 PJ 2192 वहीं छोड़कर आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया।
दिल्ली पुलिस की निजी गाड़ी में मिली शराब
इस पूरे घटनाक्रम के बीच दिल्ली पुलिस द्वारा इस्तेमाल की जा रही प्राइवेट गाड़ी की तलाशी लेने पर शराब की एक बोतल और दो गिलासों में भरी शराब मिलने की बात सामने आई। ऑन-ड्यूटी पुलिस टीम के इस्तेमाल में शामिल गाड़ी से शराब मिलने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, शराब किसकी थी और किन परिस्थितियों में गाड़ी में रखी गई थी, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।







