जालंधर में कंफेक्शनरी की दुकान में लगी भीषण आग, 8 से 10 लाख रुपए का नुकसान
घटना के बाद दुकानदार ने फायर ब्रिगेड पर गंभीर आरोप लगाए हैं
दुकान के अंदर पटाखे रखे थे, जिनके फटने से आग और भड़क गई
आग के कारण सामान जलकर खाक, नुकसान का मुआवजा मिले
आसपास सीसीटीवी चेक करें, निष्पक्ष और गहराई से जांच की जाए
जालंधर
जालंधर के बस्ती शेख में कंफेक्शनरी की दुकान में अचानक आग लग गई। आग लगने के कारण दुकान का लाखों का सामान जलकर खाक हो गया है। इस घटना के बाद पीड़ित दुकानदार ने फायर ब्रिगेड पर गंभीर आरोप लगाए हैं और प्रशासन से मुआवजे की मांग भी की है। वहीं पीड़ित दुकानदार के आरोपों पर फायर ब्रिगेड के अधिकारी ने बताया कि जानकारी मिलने के साथ ही वह गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे। जनता कुछ भी कह सकती है, लेकिन उन्होंने दूसरी गाड़ी मंगवाकर आग पर काबू पा लिया था। दुकान के अंदर पटाखे भी रखे थे, जिनके फटने से आग और भड़क गई।

दुकान में रखा था 8 से 10 लाख का सामान
पीड़ित दुकानदार सौरव भुल्लर ने बताया कि उन्होंने इसी साल 17 जुलाई को भोला मिल्क बार एंड कंफेक्शनरी की दुकान को खरीदा था। दुकान के पिछले हिस्से में पानी और कोल्ड ड्रिंक्स की 200 से 250 पेटियां और चिप्स आदि का सामान रखा हुआ था। आग लगने के कारण सारा सामान जलकर खाक हो गया है, जिस कारण लगभग 8 से 10 लाख रुपये का नुकसान हो चुका है।
फायर ब्रिगेड पर देरी से पहुंचने के आरोप
पीड़ित दुकानदार ने कहा कि अगर फायर ब्रिगेड की गाड़ी टाइम पर आ जाती तो नुकसान कम हो सकता था। वहीं दुकानदार के भाई ने शक जताया है कि पीछे की खिड़की की तरफ से किसी तार आदि से बांधकर कोई शरारत की गई होगी। आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए जाएं। प्रशासन से मांग की है कि समय पर मदद न पहुंचने और हुए भारी नुकसान का मुआवजा दिया जाए तथा इस पूरे हादसे की निष्पक्ष और गहराई से जांच की जाए।









