मोगा में AAP MLA के घर पर छापामारी के बाद अब जीरा पहुंची ED, पूर्व पटवारी के घर के बाहर CRPF का पहरा
पटवारी नवदीप सिंह का AAP विधायक से क्या संबंध है, इसे लेकर चर्चाएं
हालांकि, दोनों के बीच किसी कनेक्शन की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई
मोगा जिले के धर्मकोट में तैनात रह चुका है और धोखाधड़ी में गिरफ्तार भी
किसी व्यक्ति को घर के अंदर या बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है
मोगा/फिरोजपुर
मोगा से आम आदमी पार्टी (AAP) की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के ठिकानों पर छापेमारी के बाद अब ED की टीम ने फिरोजपुर जिले के जीरा में एक सस्पेंडेड पटवारी के घर दबिश दी है। ED की इस कार्रवाई के बाद पटवारी नवदीप सिंह का AAP विधायक से क्या संबंध है, इसे लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, दोनों के बीच किसी कनेक्शन की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह पटवारी पहले मोगा जिले के धर्मकोट में तैनात रह चुका है और धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार भी हुआ था। वह हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था।

पटवारी के घर के बाहर CRPF के जवान तैनात
जानकारी के मुताबिक, ED की टीम ने जीरा स्थित सस्पेंडेड पटवारी नवदीप सिंह के घर पर छापेमारी की है। सुरक्षा के मद्देनजर घर के बाहर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान तैनात किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान किसी भी व्यक्ति को घर के अंदर या बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। फिलहाल ED की टीम दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
AAP विधायक के 7 ठिकानों पर भी जारी है रेड
इससे पहले बुधवार सुबह करीब 6 बजे ED ने मोगा की AAP विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा से जुड़े सात ठिकानों पर छापेमारी शुरू की थी। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इन ठिकानों पर जांच जारी है। ED सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई नेशनल हाईवे नंबर 754A के निर्माण के लिए अधिगृहित सरकारी जमीन के कथित फर्जी इंतकाल और मुआवजा घोटाले से जुड़े मामले में की जा रही है।







