जालंधर में ओमवीर की मौत का मामला गरमाया, बहन ने गर्लफ्रेंड पर लगाए गंभीर आरोप; पुलिस को सौंपे सबूत
लंबे समय से मानसिक दबाव और धमकियों का सामना कर रहा था ओमवीर
उनके पास घटना से संबंधित वीडियो, ऑडियो रिकॉर्डिंग और चैट मौजूद हैं
आरोप-मनप्रीत और रजनी समेत अन्य लोग ओमवीर को ब्लैकमेल करते थे
एक कथित सुसाइड नोट दिखाया, ओमवीर ने मरने से पहले ये नोट लिखा था
थाना नंबर-1 में शिकायत देकर मौत के मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की
जालंधर
जालंधर के मकसूदां स्थित आनंद नगर की गली नंबर-3 में 22 वर्षीय ओमवीर की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मंगलवार को मनप्रीत के घर में घुसकर मां-बेटी पर हमला करने के बाद ओमवीर ने कथित तौर पर कोई जहरीली वस्तु निगल ली थी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। अब इस मामले में ओमवीर की बहन अमनप्रीत कौर सामने आई हैं। उन्होंने ओमवीर की गर्लफ्रेंड मनप्रीत और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अमनप्रीत का दावा है कि उनका भाई लंबे समय से मानसिक दबाव और धमकियों का सामना कर रहा था। उन्होंने एक कथित सुसाइड नोट दिखाते हुए मामले में साजिश की आशंका जताई है। परिवार का कहना है कि उनके पास घटना से संबंधित वीडियो, ऑडियो रिकॉर्डिंग और चैट मौजूद हैं, जिन्हें पुलिस को सौंप दिया गया है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

5 साल से रिलेशनशिप में था ओमवीर
ओमवीर की बहन अमनप्रीत कौर के मुताबिक, उनका भाई वर्ष 2021 से मनप्रीत के साथ रिलेशनशिप में था। लड़की की मां और परिवार के अन्य सदस्यों को भी उनके रिश्ते की जानकारी थी। मनप्रीत का उनके घर आना-जाना भी था। आरोप है कि मनप्रीत और बहन रजनी उसे झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकियां दी जाती थीं। मनप्रीत पहले भी एक निहंग सिंह के जरिए उसके भाई को धमकवा चुकी थी।
बहन ने दिखाया कथित सुसाइड नोट
अमनप्रीत कौर ने अपने भाई की मौत के बाद एक कथित सुसाइड नोट दिखाया है। उनका कहना है कि ओमवीर ने मरने से पहले यह नोट लिखा था। इसके अलावा, परिवार के पास घटना से जुड़े वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग भी हैं। एक वीडियो में ओमवीर मनप्रीत के घर के फर्श पर पड़ा दिखाई देता है। रिकॉर्डिंग में कुछ लोगों के नाम और ओमवीर को प्रताड़ित किए जाने से जुड़ी बातें सामने आती हैं।
5 माह पहले ही दुबई से लौटा था भाई
परिजनों के मुताबिक, ओमवीर करीब दो साल पहले दुबई गया था और लगभग पांच महीने पहले भारत लौटा था। उसने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। ओमवीर को वहां करीब 30 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलता था। अब वह दोबारा दुबई जाने की तैयारी कर रहा था। आरोप है कि मनप्रीत को ओमवीर से मिले इंस्टाग्राम अकाउंट के पासवर्ड से पुरानी गर्लफ्रेंड को वीडियो भेजने लगी। इस वजह से दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
2 अक्टूबर को हमले में सिर पर चोटें
ओमवीर की बहन ने दावा किया कि इसी महीने 2 अक्टूबर को भी उसके भाई पर हमला किया गया था, जिसमें उसके सिर पर चोटें आई थीं। अमनप्रीत के मुताबिक, ओमवीर पुलिस केस में नहीं पड़ना चाहता था, इसी वजह से उसने उस घटना की शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। परिवार ने यह भी बताया कि ओमवीर की पल्सर बाइक मनप्रीत के घर से मिली थी। हालांकि, इन आरोपों और घटना के पीछे की वजह को लेकर जांच जारी है।
वीडियो, ऑडियो व चैट पुलिस हवाले
ओमवीर की बहन अमनप्रीत कौर ने थाना डिवीजन नंबर-1 में शिकायत देकर अपने भाई की मौत के मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनके मुताबिक, उन्होंने पुलिस को कथित सुसाइड नोट के अलावा वीडियो, ऑडियो रिकॉर्डिंग और चैट समेत कई सबूत सौंपे हैं। वहीं, एसीपी करनैल सिंह ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम भी करवा दिया गया है।







