जालंधर में टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग, 1300 कुर्सियां कूलर समेत सब खाक; लाखों का हुआ नुकसान
किसी शरारती तत्व द्वारा जानबूझकर आग लगाने की आशंका जताई
आग इतनी भीषण थी अंदर रखा सामान बचाने का मौका नहीं मिला
रंजीत बिल्ला की ‘बिल्ला टेंट एंड साउंड सर्विस’ के नाम से है दुकान
प्लास्टिक और कपड़े का सामान अधिक होने से तेजी से फैली आग
फायर ब्रिगेड टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया है
जालंधर
जालंधर के शाहकोट के नजदीकी गांव नंगल अंबियां में बीती रात एक टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। इस हादसे में टेंट हाउस मालिक को करीब 20 लाख का आर्थिक नुकसान हुआ है। वहीं, मालिक ने किसी शरारती तत्व द्वारा जानबूझकर आग लगाने की आशंका जताई है। आग इतनी भीषण थी कि अंदर रखा सामान बचाने का मौका तक नहीं मिला।
बीती रात 12 बजे अचानक उठने लगीं आग की लपटें
गांव नंगल अंबियां निवासी रंजीत कुमार बिल्ला ‘बिल्ला टेंट एंड साउंड सर्विस’ के नाम से दुकान चलाते हैं। उन्होंने करीब एक महीने पहले ही नया गोदाम तैयार करवाया था। बीती रात करीब 12 बजे अचानक गोदाम से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम में प्लास्टिक और कपड़े का सामान अधिक होने के कारण आग तेजी से फैल गई।
1300 कुर्सियां, कूलर व टेंट का सामान जलकर राख
गोदाम में करीब 1300 कुर्सियां, मेज, 10 कूलर, पंखे, टेंट का सामान, पीटर रेहड़ा और अन्य जरूरी सामग्री रखी हुई थी। आग की चपेट में आने से यह सारा सामान पूरी तरह जल गया। इसके अलावा गोदाम का शेड भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना में करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। एक महीने पहले तैयार करवाया गया नया गोदाम भी आग से तबाह हो गया।
ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
गोदाम से आग की ऊंची लपटें उठती देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद नकोदर से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक गोदाम में रखा पूरा सामान जल चुका था।








