जालंधर में पुरानी रंजिश को लेकर हंगामा, युवक की गाड़ी पर ईंट और हथियार से हमला
करीब 15 से 20 लोगों ने मिलकर हमला कर दिया
PCR के जरिए पुलिस को दी घटना की जानकारी
तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी
पीड़ित ने किसी तरह वहां से भागकर जान बचाई
घटना की CCTV फुटेज और शिकायत पुलिस को
जालंधर
जालंधर के बस्ती शेख इलाके में देर रात पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक की गाड़ी पर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित के आरोप के मुताबिक, सचिन नाम का युवक अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और करीब 15 से 20 लोगों ने मिलकर ईंटों और हथियारों से हमला कर दिया। हमले में गाड़ी के शीशे बुरी तरह टूट गए। घटना की सूचना मिलने पर PCR के जरिए पुलिस को जानकारी दी गई। इसके बाद ASI जगतार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पीड़ित युवक के बयान दर्ज करने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मोबाइल लेने गया था भाई के साथ, तभी हुआ हमला
पीड़ित युवक ने बताया कि वह अपने भाई के साथ मोबाइल मार्केट में फोन लेने गया था। इसी दौरान सचिन नाम का युवक अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया। हमलावरों के पास ईंटें और हथियार थे। उन्होंने उसकी गाड़ी को निशाना बनाते हुए हमला कर दिया, जिससे गाड़ी के शीशे टूट गए। पीड़ित ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
15-20 दिन पहले भी गाड़ी पर हमला करने का आरोप
पीड़ित का कहना है कि आरोपी उसके साथ पुरानी रंजिश रखते हैं। उसके मुताबिक, करीब 15 से 20 दिन पहले भी मॉल टाउन इलाके में उसकी गाड़ी पर इसी तरह हमला किया गया था। उस घटना की CCTV फुटेज और शिकायत पुलिस को सौंपी गई थी। इस बार भी उस पर हमला किया गया। अपनी जान बचाने के लिए वह गाड़ी लेकर वहां से निकल गया और तंग गलियों में छिप गया।









