परविंदर झोटा हत्याकांड में 23 दिन बाद होगा पोस्टमॉर्टम, परिवार को 2 करोड़ मुआवजा देगी पंजाब सरकार
23 दिनों से चल रहा गतिरोध आखिर खत्म होता दिखाई दे रहा है
6 नवंबर को चंडीगढ़ PGI में झोटा का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा
अंतिम संस्कार किस दिन होगा, अभी इसका फैसला नहीं किया है
CM और DGP के इस्तीफे की मांग को छोड़कर बाकी पर सहमति
मानसा
पंजाब के मानसा में एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की मौत के मामले में 23 दिनों से चला आ रहा गतिरोध आखिरकार खत्म होता दिखाई दे रहा है। परिवार पोस्टमॉर्टम करवाने के लिए राजी हो गया है। 6 नवंबर को चंडीगढ़ PGI में झोटा का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। हालांकि, उनका अंतिम संस्कार किस दिन होगा, इसे लेकर अभी कोई फैसला सामने नहीं आया है। बुधवार को मानसा में झोटा के परिवार और एक्शन कमेटी के सदस्यों की विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां तथा कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां के साथ बैठक हुई। इस दौरान परिवार और एक्शन कमेटी की ओर से रखी गई मांगों पर चर्चा की गई। बैठक में मुख्यमंत्री और DGP के इस्तीफे की मांग को छोड़कर बाकी मांगों पर सहमति बन गई।

परिवार को 2 करोड़ मुआवजा, पत्नी को सरकारी नौकरी
बैठक में सरकार की ओर से झोटा के परिवार को 2 करोड़ रुपये का मुआवजा देने पर सहमति बनी है। इसके अलावा उनकी पत्नी को शैक्षणिक योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी दी जाएगी। इस फैसले को परिवार के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है।
पिता और एंटी-ड्रग टास्क टीम पर दर्ज मामले होंगे निरस्त
परिवार की अन्य मांगों पर भी सरकार ने सहमति जताई है। झोटा के पिता और एंटी-ड्रग टास्क टीम के सदस्यों के खिलाफ दर्ज मामलों को रद्द किया जाएगा। इसके साथ ही मानसा में परविंदर सिंह झोटा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी, ताकि उनकी याद को कायम रखा जा सके।
गांव ख्याला में परविंदर झोटा के नाम पर बनेगा ट्रॉमा सेंटर
सरकार गांव ख्याला में परविंदर सिंह झोटा के नाम पर ट्रॉमा सेंटर भी बनवाएगी। बैठक में इन सभी मांगों पर सहमति बनने के बाद अब 6 नवंबर को चंडीगढ़ PGI में पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। हालांकि, पोस्टमॉर्टम के बाद अंतिम संस्कार की तारीख को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।







