लुधियाना में स्कॉर्पियो सवार युवक की गोली मारकर हत्या, दोस्त की बर्थडे पार्टी में गया था
मशहूर पंडित कुलचे-छोले वाले के बेटे राहुल शर्मा की हत्या
किसी बात पर विवाद हुआ, जिसके बाद उस पर की फायरिंग
दो गोलियां लगीं, जिनमें एक छाती और दूसरी पीठ पर लगी
देर रात पार्टी दौरान क्या हुआ, जानकारी परिवार को नहीं थी
परिवार अनुसार, रात साढ़े 12 बजे उन्हें घटना का पता चला
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही
लुधियाना
लुधियाना में बुधवार देर रात गोलीबारी की एक वारदात में मशहूर पंडित कुलचे-छोले वाले के बेटे राहुल शर्मा की हत्या कर दी गई। राहुल एक बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उस पर फायरिंग कर दी गई। राहुल को दो गोलियां लगीं, जिनमें एक छाती और दूसरी पीठ पर लगी। परिवार के अनुसार, रात करीब साढ़े 12 बजे उन्हें घटना का पता चला। राहुल के दोस्तों ने साले को फोन करके बताया कि राहुल को गोली लगी है और उसे DMC अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजन तुरंत अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां उन्हें पता चला कि राहुल की रात 11:55 बजे ही मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

स्कॉर्पियो लेकर घर से निकला था राहुल
परिजनों के मुताबिक, राहुल शर्मा बुधवार रात अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी लेकर घर से निकला था। उसने परिवार को बताया था कि वह एक बर्थडे पार्टी में शामिल होने जा रहा है। देर रात पार्टी के दौरान क्या हुआ, इसकी जानकारी परिवार को नहीं थी। परिजनों को बाद में पता चला कि फुल्लांवाल चौक से जे ब्लॉक मॉल की ओर जाने वाली सड़क पर राहुल को गोली मार दी गई।
तीन साल पहले हुई थी राहुल की शादी
राहुल शर्मा की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। उसके परिवार में पत्नी, माता-पिता और एक शादीशुदा बहन हैं। बेटे की हत्या की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। जांच अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि बर्थडे पार्टी के दौरान किस बात को लेकर विवाद हुआ और राहुल पर गोली किसने चलाई। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।







