उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मातृ शोक
योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, 91 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
निधन की खबर से परिवार और गांव में शोक का माहौल
संन्यास लेने के बाद मां गांव में परिवार के साथ रहती थीं
तबीयत खराब होने पर ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया था
उनके तीन बड़ी बहनें, एक बड़ा भाई और दो छोटे भाई है
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया। वह 91 साल की थीं और लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में फॉरेस्ट रेंजर थे, जबकि मां सावित्री देवी गृहिणी थीं। पुलिस के मुताबिक, सावित्री देवी का अंतिम संस्कार हरिद्वार में किया जा सकता है। उनके निधन की खबर से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
गांव में ही रहती थीं सावित्री देवी
योगी आदित्यनाथ के संन्यास लेने के बाद उनकी मां गांव में ही परिवार के साथ रहती थीं। वहीं, योगी गोरखनाथ मंदिर की जिम्मेदारियों और राजनीति में सक्रिय हो गए। मई 2022 में योगी आदित्यनाथ 5 साल बाद अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। उन्होंने घर पहुंचकर मां के पैर छुए और आशीर्वाद लिया था। मां ने भी बेटे को प्यार से आशीर्वाद दिया। इस मुलाकात की तस्वीर योगी ने सोशल मीडिया पर शेयर की थी, उन्होंने सिर्फ ‘मां’ लिखा था।
2024 में बिगड़ी थी मां की तबीयत
जून 2024 में सावित्री देवी की तबीयत खराब होने पर उन्हें ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया गया था। इस दौरान योगी आदित्यनाथ उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। मई 2026 में योगी आदित्यनाथ दोबारा अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। उन्होंने धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया और घर जाकर मां सावित्री देवी का आशीर्वाद लिया था। उन्होंने पिता आनंद सिंह बिष्ट की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया था।
पिता के निधन पर अंतिम दर्शन नहीं कर पाए थे योगी
योगी आदित्यनाथ का जन्म उत्तराखंड के पंचूर गांव में एक गढ़वाली राजपूत परिवार में हुआ था। उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का 20 अप्रैल 2020 को निधन हो गया था। उस समय कोरोना महामारी के कारण देशभर में प्रतिबंध लगे हुए थे। परिवार में कुल सात बच्चे हैं। योगी अपने माता-पिता की पांचवीं संतान थे। उनके तीन बड़ी बहनें, एक बड़ा भाई और दो छोटे भाई हैं।







