ऑस्ट्रेलिया में घूमने जाने की योजना बना रहे भारतीयों के लिए अहम खबर

ऑस्ट्रेलिया ने बदले टूरिस्ट वीजा के नियम, भारतीयों के लिए रिटर्न टिकट जरूरी, नए नियम लागू

यात्रियों को वहां रहते अपने वीजा की अवधि बढ़ाने की अनुमति नहीं होगी

वहां रुकने के लिए अब नए नियमों के तहत अनुमति लेना आसान नहीं होगा

पर्यटकों को अधिकतम 12 महीने वाला टूरिस्ट वीजा जारी करती है सरकार

नए नियमों का असर बड़ी संख्या में भारतीय पर्यटकों व यात्रियों पर पड़ेगा

नई दिल्ली

ऑस्ट्रेलिया में घूमने जाने की योजना बना रहे भारतीय यात्रियों के लिए अहम खबर है। ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने टूरिस्ट वीजा से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। नए नियम शनिवार से लागू हो गए हैं। इसके तहत अब टूरिस्ट वीजा पर ऑस्ट्रेलिया पहुंचने वाले यात्रियों को वहां रहते हुए अपने वीजा की अवधि बढ़ाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा भारतीय यात्रियों के लिए रिटर्न टिकट रखना भी अनिवार्य कर दिया गया है। ऑस्ट्रेलिया के नए वीजा नियमों का असर भारतीय यात्रियों पर भी पड़ने वाला है। अब ऑस्ट्रेलिया जाने वाले भारतीयों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनानी होगी और रिटर्न टिकट की व्यवस्था भी रखनी होगी। इससे बिना पक्की वापसी योजना के ऑस्ट्रेलिया जाने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है।

ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद नहीं बढ़ेगी अवधि

नए नियमों के मुताबिक, टूरिस्ट वीजा पर ऑस्ट्रेलिया जाने वाले लोग अब देश में पहुंचने के बाद अपने प्रवास की अवधि नहीं बढ़ा सकेंगे। यानी अगर किसी यात्री को वीजा के तहत जितने दिनों तक रुकने की अनुमति मिली है, उसे उसी अवधि के भीतर ऑस्ट्रेलिया छोड़ना होगा। पहले से तय वीजा अवधि से अधिक समय तक रुकने के लिए अब नए नियमों के तहत अनुमति लेना आसान नहीं होगा।

अधिकतम 12 माह का मिलता है टूरिस्ट वीजा

फिलहाल ऑस्ट्रेलिया सरकार पर्यटकों को अधिकतम 12 महीने की अवधि वाला टूरिस्ट वीजा जारी करती है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि हर यात्री को पूरे 12 महीने ऑस्ट्रेलिया में रहने की अनुमति मिलती है। किसी व्यक्ति को वास्तव में कितने दिनों तक वहां रुकने की इजाजत मिलेगी, इसका फैसला वीजा जारी करने वाला अधिकारी करता है।

ऑस्ट्रेलिया जाने वाले भारतीयों की संख्या में बढ़ोतरी

ऑस्ट्रेलिया के गृह मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025 में करीब 4.51 लाख भारतीय ऑस्ट्रेलिया पहुंचे थे। वहीं, 2024 में यह संख्या लगभग 3 लाख थी। आंकड़ों से साफ है कि ऑस्ट्रेलिया जाने वाले भारतीयों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में नए नियमों का असर बड़ी संख्या में भारतीय पर्यटकों और यात्रियों पर पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *