जालंधर-पठानकोट में हल्की बारिश, सुबह-शाम धुंध का अलर्ट, चंडीगढ़ के मुकाबले 7 जिलों में प्रदूषण ज्यादा
जालंधर और पठानकोट में मौसम का मिजाज बदला, कई जगह छाए बादल
प्रदेश के कुछ इलाकों में रात-सुबह हल्की से मध्यम धुंध छाने की संभावना
अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री की बढ़ोतरी, सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक
बठिंडा में सबसे अधिक 33.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड, मौसम भी शुष्क रहेगा
पंजाब के जालंधर और पठानकोट में हल्की बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया है। इसके साथ ही जालंधर में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने हिमाचल से सटे जिलों में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की बारिश का अनुमान जताया था। वहीं, प्रदेश के कुछ इलाकों में रात और सुबह के समय हल्की से मध्यम धुंध छाने की संभावना है। इसके बाद प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक है। हालांकि रात और सुबह प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम धुंध छा सकती है।
5 दिन बड़े बदलाव के आसार नहीं
बठिंडा में सबसे अधिक 33.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके प्रभाव से मध्य क्षोभमंडल में पश्चिमी हवाओं का असर बना हुआ है। पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक पंजाब और चंडीगढ़ के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। 14 नवंबर के बाद मौसम ड्राई रहने की संभावना है।
पराली जलाने से बढ़ रहा है प्रदूषण
पराली जलाने की घटनाओं के बीच पंजाब और चंडीगढ़ में वायु प्रदूषण का स्तर बना हुआ है। चंडीगढ़ में AQI 91 दर्ज किया गया, जबकि पंजाब के 7 शहरों में यह इससे अधिक रहा। लुधियाना में सबसे अधिक 288 AQI दर्ज किया गया। बठिंडा में 246, अमृतसर में 221, पटियाला में 211, खन्ना में 174, मंडी गोबिंदगढ़ में 155 और जालंधर में 150 AQI रहा। वहीं, रूपनगर में AQI 50 दर्ज किया गया, जो चंडीगढ़ से 41 अंक कम है।








