परविंदर झोटा हत्याकांड में पत्नी मनप्रीत कौर का बड़ा बयान, जो भी फैसला होगा संगत के साथ लिया जाएगा
एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड में नया मोड़
परविंदर सिंह का पार्थिव शरीर 9 दिनों से मोर्चरी में रखा हुआ है
‘संगत’ से चर्चा के बाद ही पोस्टमार्टम बारे लिया जाएगा फैसला
परिवार भी पहले समाज और कमेटी को भरोसे में लेना चाहता है
एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड में नया मोड़ आ गया है। सीबीआई जांच के बीच मृतक की पत्नी मनप्रीत कौर ने एक अहम बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा है कि परविंदर सिंह का पार्थिव शरीर पिछले 9 दिनों से मोर्चरी में रखा हुआ है और पोस्टमार्टम को लेकर जो भी फैसला लिया जाएगा, वह पूरी तरह से ‘संगत’ (समर्थकों और समाज) से विचार-विमर्श करने के बाद ही किया जाएगा।

CBI की एंट्री के बीच पोस्टमार्टम और सबूतों पर चिंता
मनप्रीत कौर ने कहा कि सीबीआई से मुलाकात करना इस जांच प्रक्रिया का एक अहम हिस्सा था, लेकिन परिवार हर कदम उठाने से पहले समाज और कमेटी को भरोसे में लेना चाहता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पोस्टमार्टम करवाने में अत्यधिक देरी हुई, तो समय-सीमा निकल जाने के कारण साइंटीफिक और मेडिकल सबूत खत्म हो सकते हैं, जिससे केस कमजोर पड़ सकता है।
आरोपी की दुकान गिराए जाने पर उठाए सवाल
प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मनप्रीत कौर ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी परिवार की इच्छा के विरुद्ध जाकर आरोपी की दुकान को गिरा दिया गया था। उस दुकान के अंदर हत्या से जुड़े कई अहम और पुख्ता सबूत मौजूद थे, जिन्हें कार्रवाई के नाम पर मिटा दिया गया। अगर अब भी सही समय पर सख्त और स्पष्ट कदम नहीं उठाए गए, तो न्याय मिलना मुश्किल हो जाएगा।








