3.25 लाख वर्ग फुट में बना श्री श्री यूनिवर्सिटी का आइकॉनिक टावर, श्री श्री रविशंकर की मौजूदगी में उद्घाटन

3.25 लाख वर्ग फुट में बना श्री श्री यूनिवर्सिटी का आइकॉनिक टावर, श्री श्री रविशंकर की मौजूदगी में उद्घाटन

देश के भविष्य को आकार देने की प्रतिबद्धता का उत्सव है इस टावर का उद्घाटन

पूर्वी ज्ञान और पश्चिमी विद्या के संगम के रूप में परिकल्पित है ये विवि : उपराष्ट्रपति

श्री श्री विश्वविद्यालय की बतौर ‘विश्व के सबसे खुशहाल परिसर’ पहचान पर प्रसन्नता

लिंगराज मंदिर की वास्तुकला से प्रेरित शैली में निर्मित इमारत में कुल 14 मंजिलें हैं

नई दिल्ली :

उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने ओडिशा के कटक स्थित श्री श्री विश्वविद्यालय में आइकॉनिक टॉवर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर ओडिशा के राज्यपाल ब्रज मोहन राम, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और श्री श्री विश्वविद्यालय के संस्थापक एवं आजीवन अध्यक्ष गुरुदेव श्री श्री रविशंकर भी उपस्थित रहे। उपराष्ट्रपति ने कहा कि इस टावर का उद्घाटन केवल एक भवन के उद्घाटन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक दूरदर्शी सोच, शिक्षा के प्रेरणादायक दर्शन, भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत और देश के भविष्य को आकार देने की प्रतिबद्धता का उत्सव है।

‘विश्व के खुशहाल परिसर’ के रूप में है पहचान

उपराष्ट्रपति ने कहा कि पूर्वी ज्ञान और पश्चिमी विद्या के संगम के रूप में परिकल्पित इस विश्वविद्यालय ने वर्ष 2012 में अपनी शैक्षणिक यात्रा शुरू की थी। इसकी स्थापना ताकि वास्तविक शिक्षा व्यक्ति के चरित्र, चेतना और करुणा का विकास करे। श्री राधाकृष्‍णन ने श्री श्री विश्वविद्यालय की ‘विश्व के सबसे खुशहाल परिसर’ के रूप में पहचान पर प्रसन्नता जताई। शाश्वत सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना की।

3.25 लाख वर्ग फुट में फैला है आइकॉनिक टावर

श्री श्री यूनिवर्सिटी का आइकॉनिक टावर करीब 3,25,000 वर्ग फुट यानी लगभग 30,200 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनाया गया है। प्रसिद्ध लिंगराज मंदिर की वास्तुकला से प्रेरित शैली में निर्मित इमारत में कुल 14 मंजिलें हैं। इनमें सात ऊर्ध्व लोक—सत्यलोक, तपलोक, जनलोक, महर्लोक, स्वर्गलोक, भुवर्लोक और भूलोक तथा सात अधोलोक—अतललोक, वितललोक, सुतललोक, तलातललोक, महातललोक, रसातललोक और पाताललोक शामिल हैं।

ओडिशा की मंदिर वास्तुकला की दिखेगी झलक

कटक में बने इस टावर की मंदिर शैली ओडिशा की प्राचीन कलिंग स्थापत्य परंपरा से जुड़ाव को दर्शाती है। ओडिशा के मंदिरों में मुख्य रूप से रेखा देउल और पीढ़ा देउल जैसी वास्तुकला देखने को मिलती है। रेखा देउल में ऊपर की ओर उठती घुमावदार संरचना होती है, जबकि पीढ़ा देउल में क्रमशः छोटी होती सीढ़ीनुमा छतें बनाई जाती हैं। ऐसे में यह टावर पारंपरिक मंदिर स्थापत्य के उपयोग को समझने का अवसर भी प्रदान करेगा।

अध्ययन का महत्वपूर्ण विषय बन सकता भवन

यह भवन वास्तुकला और वैदिक वास्तु में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों के लिए अध्ययन का महत्वपूर्ण विषय बन सकता है। आधुनिक बहुमंजिला इमारत में पारंपरिक स्थापत्य के सिद्धांतों को किस तरह शामिल किया गया है, इसका अध्ययन किया जा सकेगा। इसके अलावा भवन में प्रवेश व्यवस्था, लोगों के आवागमन, प्राकृतिक रोशनी और हवा के प्रबंधन जैसे पहलुओं को भी वास्तु और आधुनिक निर्माण तकनीक के नजरिए से समझा जा सकता है।

कार्तिक शुक्ल सप्तमी के दिन हुआ उद्घाटन

पंचांग के अनुसार, सोमवार 16 नवंबर को कार्तिक शुक्ल सप्तमी और विक्रम संवत 2083 है। भुवनेश्वर के स्थानीय पंचांग के मुताबिक, इस दिन श्रवण नक्षत्र भी है। गुरु-शिष्य परंपरा में श्रवण को ध्यानपूर्वक सुनने और ज्ञान प्राप्त करने के भाव से जोड़ा जाता है। ऐसे में विश्वविद्यालय के नए शैक्षणिक भवन का उद्घाटन इस दिन होने को शिक्षा और ज्ञान की परंपरा से जोड़कर देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *