परविंदर सिंह झोटा की पत्नी मनप्रीत कौर लड़ेंगी चुनाव, निहंग बाबा राजा राज सिंह ने दिया बड़ा सुझाव
अगर परविंदर झोटा आज जिंदा होते, तो उन्हें मैदान में उतारा जाता
अब परविंदर झोटा की पत्नी मनप्रीत कौर को ये चुनाव लड़वाया जाए
नशे के खिलाफ झोटा ने जो सपना देखा था, उसे पूरा किया जा सके
सभी पक्षों से एकजुट होकर मनप्रीत का समर्थन करने की अपील की
मानसा
पंजाब के मानसा में एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा का परिवार और एक्शन कमेटी अपनी 10 मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। इसी बीच, गुरुवार को धरने में निहंग बाबा राजा राज सिंह भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि अगर परविंदर सिंह झोटा आज जिंदा होते, तो उन्हें चुनाव मैदान में उतारा जाता। अब झोटा की पत्नी मनप्रीत कौर को चुनाव लड़वाया जाए, ताकि नशे के खिलाफ झोटा ने जो सपना देखा था, उसे पूरा किया जा सके। बाबा राजा राज सिंह ने कहा कि अगर मनप्रीत कौर को सीट मिलती है, तो मानसा जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में काम किया जा सकता है। उन्होंने सभी पक्षों से एकजुट होकर मनप्रीत कौर का समर्थन करने की अपील भी की।

5 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया
वहीं झोटा की पत्नी मनप्रीत कौर ने साफ कहा है कि जब तक पंजाब सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करती, तब तक उनके पति का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। झोटा की हत्या के 11 दिन बाद भी उनका पोस्टमॉर्टम नहीं हो पाया है। वहीं, अदालत ने इस मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों को 5 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अब देखना होगा कि पंजाब सरकार और प्रशासन मांगों पर क्या कदम उठाते हैं।
CBI द्वारा आरोपियों के घरों पर ली तलाशी
दूसरी ओर, झोटा हत्याकांड की जांच कर रही सीबीआई ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को सीबीआई की अलग-अलग टीमों ने मुख्य आरोपी अश्विनी कुमार और उसके साथी विपिन कुमार के घरों पर करीब 8 घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। इसके अलावा, श्मशान घाट रोड स्थित मानसा मेडिकल हॉल की भी जांच की गई और आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की गई।







