लुधियाना में फर्जी पुलिसकर्मियों का गिरोह बेनकाब
वर्दी पहनकर लोगों से करते थे वसूली, गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार; ब्रीजा कार बरामद
आरोपी कार में घूमते थे और दुकानों पर जाकर लोगों से जबरन पैसे वसूलते थे
खाकी वर्दी के कुछ हिस्से पहनकर खुद को पुलिसकर्मी बताते थे, साथी फरार
पास से खाकी पैंट, लॉन्ग कोट, पगड़ी और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं
थाना फोकल पॉइंट पुलिस की ओर से आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया
लुधियाना
लुधियाना में पुलिस की अधूरी वर्दी पहनकर खुद को पुलिसकर्मी बताने और लोगों को डराकर वसूली करने वाले गिरोह का फोकल पॉइंट पुलिस ने पर्दाफाश किया है। आरोपी ब्रीजा कार में घूमते थे और दुकानों पर जाकर लोगों से जबरन पैसे वसूलते थे। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक साथी फरार है। सिमरनजीत सिंह निवासी ललहेड़ी रोड, खन्ना अभी फरार है। थाना फोकल पॉइंट पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
ब्रीजा कार और वर्दी के हिस्से बरामद
12 नवंबर को एएसआई बलजिंदर सिंह पुलिस पार्टी के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से गिरोह के बारे में सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर प्रिंस, गुरविंदर सिंह, सुरिंदरपाल सिंह और अजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ब्रीजा कार (PB-78-6900) में घूमते थे और खाकी वर्दी के कुछ हिस्से पहनकर खुद को पुलिसकर्मी बताते थे।
दुकानदारों और लोगों से करते थे वसूली
लोगों और दुकानदारों को धमकाकर जबरन वसूली करते थे। आरोपियों के कब्जे से खाकी पैंट, लॉन्ग कोट, पगड़ी और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। ब्रीजा कार भी जब्त की गई है। आरोपियों की पहचान प्रिंस निवासी आनंद नगर, खन्ना; गुरविंदर सिंह निवासी गांव रहौण, तहसील खन्ना; सुरिंदरपाल सिंह निवासी गांव संगतपुरा और अजीत कुमार निवासी प्रीतम कॉलोनी, 33 फुटा रोड, ग्यासपुरा के रूप में हुई है।








