बिजली बिल बकाया है तो मिल गई बड़ी राहत! CM भगवंत मान ने लॉन्च की OTS स्कीम
पंजाब के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के लिए मान सरकार ने बड़ी राहत का किया ऐलान
31 मार्च 2026 तक बकाया बिजली बिलों पर पूरा ब्याज और जुर्माना माफ किया जाएगा
बकाया बिजली बिल वाले उपभोक्ता इस योजना से पुराना हिसाब-किताब निपटा सकेंगे
वहीं पंजाब के करीब 24.86 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को लाभ मिलने की उम्मी
पंजाब के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बड़ी राहत का ऐलान किया है। शुक्रवार (13 नवंबर) को उन्होंने बिजली बिलों के बकाया भुगतान के लिए वनटाइम सेटलमेंट (OTS) स्कीम शुरू की। इस योजना के तहत 31 मार्च 2026 तक के बकाया बिजली बिलों पर लगाया गया पूरा ब्याज और जुर्माना माफ कर दिया जाएगा। उपभोक्ताओं को अब केवल बिजली बिल की मूल राशि ही जमा करवानी होगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि OTS स्कीम को 45 दिनों के लिए लागू किया गया है। इस दौरान बकाया बिजली बिल वाले घरेलू उपभोक्ता योजना का लाभ उठाकर अपना पुराना हिसाब-किताब निपटा सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य उन उपभोक्ताओं को राहत देना है, जिनकी देनदारी काफी बढ़ गई है।

पहले जमा कराने होंगे 25% पैसे, बाकी रकम किस्तों में
इस योजना के तहत उपभोक्ताओं को बकाया बिजली बिल की मूल राशि का 25 प्रतिशत हिस्सा शुरुआत में जमा करवाना होगा। इसके बाद बची हुई 75 प्रतिशत रकम को दो किस्तों में चुकाने की सुविधा दी जाएगी। इन दोनों किस्तों के भुगतान के लिए 6-6 महीने का समय मिलेगा। इससे उपभोक्ताओं को एक साथ पूरी रकम जमा कराने का दबाव नहीं रहेगा और वे आसानी से अपना बकाया चुका सकेंगे।
पंजाब के 24.86 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को होगा फायदा
सरकार के मुताबिक, इस योजना से पंजाब के करीब 24.86 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। इन उपभोक्ताओं पर कुल 2,516 करोड़ रुपये की बकाया राशि है। इसमें से करीब 518 करोड़ रुपये की पेनल्टी और ब्याज पूरी तरह माफ किया जाएगा। यानी उपभोक्ताओं को मूल बकाया राशि का भुगतान करके अपने पुराने बिजली बिलों का निपटारा करने का मौका मिलेगा।








