देश के डिजिटल और बुनियादी ढांचे की व्यवस्था पर सवाल
अमेरिका में डिजिटल सिस्टम पर बड़ा संकट, बैंकों की ऑनलाइन सेवाएं ठप; United Airlines का सिस्टम भी फेल
बैंक के जरिए होने वाले ट्रांजेक्शन की प्रक्रिया धीमी पड़ गई
कुछ घंटों बाद एयरलाइन ने सिस्टम फिर से ठीक कर लिया
JPMorgan Chase आंतरिक हार्डवेयर सिस्टम में गड़बड़ी
सेवाओं में आई गड़बड़ी साइबर हमले का नतीजा नहीं थी
नई दिल्ली
अमेरिका में लगातार सामने आ रही तकनीकी गड़बड़ियों ने देश के डिजिटल और बुनियादी ढांचे की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हवाई यातायात में परेशानी और माइक्रोसॉफ्ट आउटेज के बाद सोमवार को बैंकिंग सेक्टर और एविएशन इंडस्ट्री भी तकनीकी संकट की चपेट में आ गई। देश के कई बड़े बैंकों की ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित होने से हजारों ग्राहकों को परेशानी हुई। वहीं, प्रमुख एयरलाइन United Airlines का सिस्टम भी अचानक खराब हो गया, जिसके चलते हवाई यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गईं। हालांकि, कुछ घंटों बाद एयरलाइन ने सिस्टम को दोबारा ठीक कर लिया।

JPMorgan Chase में खराबी से लेनदेन प्रभावित
जानकारी के मुताबिक, देश के सबसे बड़े बैंकों में से एक JPMorgan Chase के आंतरिक हार्डवेयर सिस्टम में सॉफ्टवेयर संबंधी गड़बड़ी आ गई थी। इसके चलते बैंक के जरिए होने वाले ट्रांजेक्शन की प्रक्रिया धीमी पड़ गई। इसका असर उन दूसरे बैंकों के ग्राहकों पर भी पड़ा, जो Chase के माध्यम से लेनदेन कर रहे थे। इनमें Bank of America और Citigroup जैसे बैंक शामिल थे।
ग्राहकों को मिला सर्विस उपलब्ध न होने का मैसेज
तकनीकी खराबी के दौरान कई ग्राहकों को ऑनलाइन बैंकिंग इस्तेमाल करते समय स्क्रीन पर सेवाएं उपलब्ध न होने का संदेश दिखाई दिया। सोमवार को कई बैंकों और पेमेंट प्लेटफॉर्म की सेवाओं में रुकावट को लेकर शिकायतें दर्ज की गईं। JPMorgan Chase के प्रवक्ता ने बताया कि तकनीकी समस्या के कारण ट्रांजेक्शन को समय लग रहा था। सेवाओं में आई गड़बड़ी साइबर हमले का नतीजा नहीं थी।

United Airlines का सिस्टम भी अचानक हुआ ठप
बैंकिंग सेवाओं में गड़बड़ी के बीच अमेरिका की प्रमुख एयरलाइन United Airlines भी तकनीकी परेशानी से जूझती नजर आई। सोमवार दोपहर एयरलाइन ने तकनीकी खराबी की पुष्टि की। कंपनी ने सोशल मीडिया के जरिए यात्रियों को हुई असुविधा के लिए माफी भी मांगी। एयर ट्रैफिक कंट्रोल से जुड़े ऐप पर आई रिकॉर्डिंग में ह्यूस्टन में एयरलाइन का एक पायलट टावर से विमान को गेट पर ही खड़ा रखने की अनुमति मांगता सुनाई दिया।









