पंजाब में 5 दिन सरकारी दफ्तरों का काम होगा प्रभावित, कर्मचारियों ने किया हड़ताल का ऐलान
7 से 9 दिसंबर तक तीन दिवसीय कलमबंद और कंप्यूटर बंद हड़ताल
हर दिन सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक धरना लगाकर रोष जताएंगें
अगले चरण 10 और 11 दिसंबर को कर्मचारी सामूहिक छुट्टी पर रहेंगे
डीसी से एसडीएम और तहसील दफ्तर में सरकारी कामकाज प्रभावित
फिरोजपुर
पंजाब में डीसी कार्यालयों के कर्मचारियों ने लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। लंबे समय से मांगों का समाधान न होने से नाराज कर्मचारियों ने अब आंदोलन तेज करने का फैसला लिया है। राज्यभर के डीसी कार्यालयों में 7 से 9 दिसंबर तक तीन दिवसीय कलमबंद और कंप्यूटर बंद हड़ताल की जाएगी। रोजाना दो घंटे धरना भी दिया जाएगा। वहीं, 10 और 11 दिसंबर को कर्मचारी सामूहिक छुट्टी पर रहेंगे। इन दिनों डीसी कार्यालयों से एसडीएम और तहसील कार्यालयों तक सरकारी कामकाज प्रभावित होने की संभावना है।
मंत्री के साथ बैठकों के बाद भी नहीं निकला समाधान
डीसी ऑफिस फिरोजपुर कर्मचारी यूनियन के सदस्यों ने बताया कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर 30 जून 2026 और 27 जुलाई 2026 को पंजाब भवन, चंडीगढ़ में बैठकें हुई थीं। इन बैठकों को करीब चार महीने बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक कर्मचारियों की मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया। इतना ही नहीं, यूनियन के साथ दोबारा बातचीत की पहल भी नहीं की गई। अनदेखी के चलते कर्मचारियों को संघर्ष का रास्ता अपनाना पड़ा है।
7 से 9 दिसंबर तक कलमबंद और कंप्यूटर बंद हड़ताल
यूनियन ने ऐलान किया है कि 7, 8 और 9 दिसंबर को पंजाब के सभी डीसी कार्यालयों के कर्मचारी कलमबंद और कंप्यूटर बंद हड़ताल करेंगे। इस दौरान कर्मचारी सरकारी कामकाज नहीं करेंगे। हर दिन सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक धरना लगाकर रोष जताया जाएगा। यूनियन नेताओं ने स्पष्ट किया कि कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों के समाधान का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
सामूहिक छुट्टी पर रहेंगे कर्मचारी, मांगें पर होगा आंदोलन
कर्मचारी यूनियन ने अगले चरण के तहत 10 और 11 दिसंबर को सामूहिक छुट्टी लेने का फैसला किया है। इस दौरान डीसी, एसडीएम, तहसील और सब-तहसील कार्यालयों के कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं आएंगे। इसके चलते इन कार्यालयों में कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहने की संभावना है। यदि 11 दिसंबर तक भी उनकी मांगों को लेकर कोई सकारात्मक फैसला नहीं लिया गया तो आंदोलन के अगले चरण का ऐलान किया जाएगा।









