परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड: CBI कोर्ट का बड़ा फैसला, अश्वनी कुमार समेत 3 आरोपियों को 5 दिन का रिमांड

मानसा: पंजाब के मानसा में परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड मामले में CBI ने आरोपियों को मोहाली अदालत में पेश किया। सुनवाई के बाद अदालत ने मुख्य आरोपी अश्वनी कुमार और उसके दो साथियों विपन गर्ग व लाडी सिंह को 5-5 दिन के रिमांड पर भेज दिया। वहीं, अश्वनी कुमार की पत्नी नीलम रानी को 4 दिन के रिमांड पर भेजा गया है।

जानकारी के मुताबिक, CBI ने चारों आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच मोहाली की अदालत में पेश किया। जज करणवीर सिंह की अदालत ने सुनवाई के बाद तीन आरोपियों का पांच-पांच दिन और नीलम रानी का चार दिन का रिमांड मंजूर किया। जांच एजेंसी इस दौरान आरोपियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े तथ्यों की जांच करेगी।

पहले रद्द किया गया था अश्वनी कुमार का फार्मासिस्ट लाइसेंस

इस मामले में इससे पहले पंजाब फार्मेसी काउंसिल ने अश्वनी कुमार का फार्मासिस्ट लाइसेंस रद्द कर दिया था। जानकारी के अनुसार, उनका पंजीकरण 10 जुलाई 2020 को हुआ था। परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड से जुड़े मामले के बाद यह कार्रवाई की गई।

CBI कर रही है मामले की जांच

परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) कर रही है। पंजाब सरकार की सहमति और केंद्र सरकार की अधिसूचना के बाद CBI की विशेष अपराध शाखा, चंडीगढ़ ने जांच अपने हाथ में ली थी।

इस मामले में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धाराओं 103(1), 109, 118(1), 61(2) और 3(5) के अलावा आर्म्स एक्ट, 1959 की धाराओं 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच का नेतृत्व CBI इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह कर रहे हैं।

अब सभी की नजरें CBI की आगे की जांच और पूछताछ पर टिकी हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी तथ्य सामने आ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *