भविष्य की सबसे बड़ी तकनीकी क्रांति AI के लिए खेदजनक चिंता

2027 में AI से जा सकती हैं लाखों जानें! वैज्ञानिक की चेतावनी से दुनिया में चिंता

AI से मानव नियंत्रण कमजोर रहा तो 2027 में दुनिया में बड़ा संकट आ सकता है

यह चेतावनी जीपीटी-5 की सुरक्षा जांच से जुड़े वैज्ञानिक निकोला युर्कोविच ने दी

इंसानियत के अस्तित्व पर संकट व AI से नियंत्रण खोने की आशंका 50% संभव

यदि तकनीक नियंत्रित करने के प्रभावी उपाय न किए तो स्थिति गंभीर हो सकती

नई दिल्ली

AI को भविष्य की सबसे बड़ी तकनीकी क्रांति माना जा रहा है, लेकिन अब इसकी बढ़ती ताकत को लेकर गंभीर चिंताएं भी सामने आने लगी हैं। एक वैज्ञानिक ने चेतावनी दी है कि अगर AI का विकास इसी रफ्तार से जारी रहा और इस पर इंसानों का नियंत्रण कमजोर पड़ता रहा तो साल 2027 में यह दुनिया के लिए बड़े संकट का कारण बन सकता है। इससे लाखों लोगों की जान जाने तक का खतरा जताया गया है। यह चेतावनी जीपीटी-5 की सुरक्षा जांच से जुड़े वैज्ञानिक निकोला युर्कोविच ने दी है। निकोला ने भविष्य को लेकर एक और गंभीर आशंका जताई है। वर्ष 2030 के अंत तक इंसानियत के अस्तित्व पर संकट या AI पर से नियंत्रण खोने की आशंका 50 प्रतिशत तक पहुंच सकती है।

AI तेजी के चलते हाथों से निकल सकता कंट्रोल

निकोला युर्कोविच के मुताबिक, AI तकनीक इतनी तेजी से आगे बढ़ रही है कि उस पर इंसानों का नियंत्रण कमजोर पड़ने का खतरा है। उन्होंने दावा किया कि इस साल AI के जरिए कंपनियों के कंप्यूटर सिस्टम में सेंध लगाने और आर्थिक नुकसान पहुंचाने जैसी घटनाएं सामने आई हैं। फिलहाल AI से साइबर सुरक्षा और आर्थिक व्यवस्था को खतरा है। यदि तकनीक नियंत्रित करने के प्रभावी उपाय न किए तो स्थिति गंभीर हो सकती है।

14 दिन का राशन, पानी व नगद रखने की सलाह

वैज्ञानिक ने आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए पहले से तैयारी करने की सलाह दी है। हर परिवार के पास कम से कम 14 दिनों तक इस्तेमाल के लिए पर्याप्त राशन और पीने का पानी होना चाहिए।घर में कुछ नकदी रखने की भी सलाह दी गई है। इसकी वजह यह है कि किसी बड़े तकनीकी संकट के दौरान ऑनलाइन बैंकिंग, डिजिटल पेमेंट और दूसरी वित्तीय सेवाओं में रुकावट आ सकती है।

कोरोना महामारी से भी बड़ी हो सकती है तबाही

AI से जुड़े खतरे की तुलना कोरोना महामारी से भी की जा रही है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के आंकड़ों के मुताबिक, कोरोना महामारी के दौरान दुनियाभर में 71 लाख से अधिक मौतें दर्ज की गई थीं। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगर AI से जुड़ा संभावित संकट गंभीर रूप लेता है तो इसका असर वैश्विक स्तर पर पड़ सकता है। AI के कारण 2027 में लाखों मौतें होने का दावा अभी एक चेतावनी और अनुमान है, वैज्ञानिक निष्कर्ष नहीं।

अगले 10 साल में खत्म हो सकती कई नौकरियां

AI का खतरा केवल इंसानों की सुरक्षा तक सीमित नहीं है। इसका असर रोजगार के क्षेत्र पर भी पड़ सकता है। आने वाले 10 वर्षों में मौजूदा समय की ज्यादातर नौकरियां AI और ऑटोमेशन की वजह से खत्म हो सकती हैं। कई ऐसे काम, जिन्हें अभी इंसान करते हैं, भविष्य में AI सिस्टम के जरिए किए जा सकते हैं। इससे तकनीकी विकास के साथ रोजगार और आर्थिक सुरक्षा को लेकर भी नई चुनौतियां पैदा हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *