लुधियाना में इंसानियत दिखाना पड़ा भारी! युवक को बचाने वाले परिवार के घर में घुसकर हमला
राहगीर को बदमाशों की पिटाई से बचाना परिवार को भारी पड़ गया
15 से ज्यादा हथियारबंद लोगों ने उनके घर में घुसकर की मारपीट
6 से 7 हजार रुपये लूटने और घर के बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़
पांच नामजद आरोपियों और 10 से 12 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज
आरोपियों की पहचान करने के साथ पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही
लुधियाना
लुधियाना के गोपाल नगर इलाके में एक राहगीर को बदमाशों की पिटाई से बचाना परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि 15 से ज्यादा हथियारबंद हमलावरों ने परिवार के घर में घुसकर सदस्यों के साथ मारपीट की। इस दौरान 6 से 7 हजार रुपये लूटने और घर के बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ करने का भी आरोप है। मामले की शिकायत मिलने के बाद हैबोवाल थाना पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों और 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों की पहचान करने के साथ-साथ पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

काली माता मंदिर के पास युवक को पीट रहे थे बदमाश
पीड़ित राजेश शर्मा उर्फ राजू पंडित मल्हार रोड स्थित बसंत आइसक्रीम की ब्रांच में मैनेजर के तौर पर काम करते हैं। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि घटना से पहले काली माता मंदिर के पास कुछ लोग एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर रहे थे।
पीड़ित युवक तभी मौका मिलते ही वहां से भाग निकला
इसी दौरान मारपीट कर रहे लोग उनकी गाड़ी के पास पहुंच गए। युवक को पिटता देख राजेश शर्मा गाड़ी से नीचे उतरे और बदमाशों को पीछे धकेलकर उसे बचाने की कोशिश की। इस दौरान पीड़ित युवक उनके पीछे छिप गया और मौका मिलते ही वहां से भाग निकला।
युवक के भागने से गुस्साए हमलावरों ने की गाली-गलौज
शिकायत के मुताबिक, युवक को बचाने से नाराज आरोपियों ने राजेश शर्मा के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया और मामला शांत करा दिया। राहगीर को बचाने के लिए शुरू हुआ विवाद घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट तक पहुंच गया।








