जालंधर ASI के घर में कोबरा सांप निकलने से परिवार में मची अफरा-तफरी, रेस्क्यू टीम ने पकड़कर निकाला
सांप दीवार के छेद में घुसकर दूसरी तरफ निकल गया था
रेस्क्यू टीम को करीब एक घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी
पकड़ा गया सांप स्पेक्टिकल कोबरा की मादा प्रजाति का था
सांप को पकड़े जाने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली
जालंधर
जालंधर में लद्देवाली रोड स्थित पार्क एवेन्यू में खतरनाक कोबरा सांप ASI भारत भूषण के घर में घुस गया। सांप को देखते ही परिवार के सदस्य घबरा गए और तुरंत रेस्क्यू टीम को इसकी सूचना दी। सांप दीवार के छेद में घुसकर दूसरी तरफ निकल गया था, जिसके चलते उसे काबू करना आसान नहीं था। ASI भारत भूषण के घर से कोबरा को पकड़ने का पूरा वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में रेस्क्यू टीम और ASI को ऊंची दीवार पर चढ़कर सांप को पकड़ने की कोशिश करते देखा जा सकता है। एक घंटे की मशक्कत के बाद उसे पकड़ने में सफलता मिली। परिवार ने राहत की सांस ली।
दीवार के छेद में घुस गया था कोबरा
ASI भारत भूषण के घर में कोबरा दिखाई देने के बाद परिवार ने सांप पकड़ने वाली टीम से संपर्क किया। रेस्क्यू टीम के सदस्य कुलदीप उस समय कपूरथला में रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए गए थे, जिस कारण उन्हें वहां पहुंचने में देरी हुई। परिवार के सदस्यों ने सांप पर लगातार नजर बनाए रखी।
10 से 12 फीट ऊंची दीवार पर चढ़े
मौके पर पहुंचने के बाद कुलदीप ने सांप को पकड़ने का प्रयास किया। ASI भारत भूषण ने भी रेस्क्यू में मदद की। इसके बाद कुलदीप और ASI करीब 10 से 12 फीट ऊंची दीवार पर चढ़ गए। दोनों ने खाली प्लॉट में पहुंचकर सांप को काबू किया और उसका सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
स्पेक्टिकल कोबरा मादा प्रजाति का
रेस्क्यू टीम के सदस्य कुलदीप ने बताया कि पकड़ा गया सांप स्पेक्टिकल कोबरा की मादा प्रजाति का था। उन्होंने बताया कि यह बेहद जहरीला सांप है। इसके काटने से शरीर में न्यूरोटॉक्सिन का असर हो सकता है, जिससे इंसान की जान को गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।







