होशियारपुर में ट्रैक्टर फैक्ट्री में तेंदुआ घुसने से हड़कंप

नसराला के पास ट्रैक्टर फैक्ट्री में तेंदुए की हलचल CCTV कैमरों में कैद, प्लांट एक दिन के लिए किया बंद

वन विभाग टीम की मदद से कर्मचारियों को सुरक्षित निकाला

कुछ देर तक घूमने के बाद कैमरों की नजरों से ओझल तेंदुआ

तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया

अब फैक्ट्री परिसर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जा रही

जालंधर-होशियारपुर रोड पर नसराला के पास स्थित इंटरनेशनल ट्रैक्टर (सोनालिका) फैक्ट्री में तेंदुआ घुसने से हड़कंप मच गया। तेंदुए की हलचल फैक्ट्री में लगे CCTV कैमरों में कैद हुई है। घटना के बाद एहतियात के तौर पर फैक्ट्री प्रबंधन ने पूरे प्लांट को एक दिन के लिए बंद कर दिया है। वन विभाग की टीम की मदद से फैक्ट्री में मौजूद सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। फिलहाल उसकी तलाश की जा रही है।

मंगलवार रात CCTV कैमरे में दिखाई दिया तेंदुआ

जानकारी के मुताबिक, तेंदुआ मंगलवार रात फैक्ट्री परिसर में दाखिल हुआ था। वहां लगे CCTV कैमरों की फुटेज में वह प्लांट के अंदर घूमता हुआ दिखाई दिया। कुछ देर तक परिसर में घूमने के बाद तेंदुआ कैमरों की नजरों से ओझल हो गया। इसके बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने तुरंत संबंधित विभागों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग और एनिमल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

कर्मचारियों को सुरक्षित निकाला, प्लांट में एंट्री बंद

तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए फैक्ट्री प्रबंधन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। प्लांट में काम कर रहे सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। किसी भी कर्मचारी को फिलहाल फैक्ट्री परिसर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जा रही। प्रबंधन की ओर से कर्मचारियों को छुट्टी दे दी गई है और बुधवार सुबह की शिफ्ट भी नहीं लगाई गई। सुरक्षा के मद्देनजर प्लांट को एक दिन के लिए बंद रखने का फैसला किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *