दलेर मेहंदी से उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल ने मांगी माफी, मीका सिंह की टीम ने किया स्वागत

दलेर मेहंदी से उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल ने मांगी माफी, मीका सिंह की टीम ने किया स्वागत

मंत्री ने फोन पर दलेर मेहंदी से बातचीत कर घटना पर अफसोस जताया है

मामले को आपसी समझ और सम्मान के साथ समाप्त करने की बात कही

सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के दौरान हुआ था ये विवाद

गायक के गाने पर उठाए सवाल, मंत्री की टिप्पणी का वीडियो हुआ वायरल

इस विवाद के बाद कई कलाकारों ने मंत्री के व्यवहार पर नाराजगी जताई थी

मशहूर पंजाबी गायक दलेर मेहंदी के उत्तराखंड में परफॉर्मेंस के दौरान हुए विवाद में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने माफी मांग ली है। मंत्री ने फोन पर दलेर मेहंदी से बातचीत कर घटना पर अफसोस जताया। वहीं, गायक मीका सिंह की टीम ने मंत्री के इस कदम का स्वागत किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल और सम्मानजनक बातचीत के बाद उनके बड़े भाई दलेर मेहंदी इस मामले को आगे नहीं बढ़ाना चाहते थे। अब मंत्री की ओर से फोन पर माफी मांगे जाने के बाद मीका सिंह की टीम ने मामले को आपसी समझ और सम्मान के साथ समाप्त करने की बात कही है। दलेर मेहंदी संगीत जगत के वरिष्ठ कलाकार हैं और उन्होंने इंडस्ट्री में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

18 अक्टूबर को परफॉर्मेंस के दौरान हुआ था विवाद

यह विवाद 18 अक्टूबर को टिहरी में आयोजित सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के दौरान हुआ था। कार्यक्रम में दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस के बीच उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे थे। उन्होंने गायक के गाने और परफॉर्मेंस पर सवाल उठाए थे। मंत्री की टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। विवाद के बाद शिल्पा शेट्टी, राजपाल यादव, अनुपम खेर, बादशाह, शान और कपिल शर्मा समेत कई कलाकारों ने मंत्री के व्यवहार पर नाराजगी जताई थी।

उत्तराखंड के CM पुष्कर सिंह धामी ने की थी पहल

विवाद बढ़ने के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी पहल करते हुए दलेर मेहंदी और मीका सिंह से फोन पर बातचीत की थी। मीका सिंह ने एक बातचीत में बताया था कि मुख्यमंत्री ने बेहद विनम्रता से बात की और मंत्री की ओर से भी अफसोस जताया। मीका के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने दोनों भाइयों को उत्तराखंड आने का न्योता भी दिया। हर कलाकार के साथ सम्मान और गरिमा के साथ व्यवहार किया जाना चाहिए। टीम ने कहा कि अब इस विवाद को पीछे छोड़कर आपसी समझ और सम्मान के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *