मोगा में घर के बाहर बैठे 4 लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग, 2 की मौत; 2 गंभीर रूप से घायल
पुरानी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया है
5 आरोपियों को गिरफ्तार कर केस दर्ज किया गया है
पहले पता पूछा और फिर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं
परिजनों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया है

मोगा
मोगा में घर के बाहर बैठे 4 लोगों पर अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दी। गोलियां लगते ही चारों युवक लहूलुहान होकर गिर गए और हमलावर फरार हो गए। इस घटना में 2 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 2 बुरी तरह से घायल हो गए हैं और उनका अस्पताल में ईलाज चल रहा है। इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं डीजीपी गौरव यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया है। 5 आरोपियों पुनीत गाबा, किरण पाल सिंह, कुलविंदर सिंह, बलजीत कौर और जीवन सिंह को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
स्कॉर्पियो से आए थे हमलावर
जानकारी के मुताबिक अंगदपुरा मोहल्ले के रहने वाले साहिल जिंदल उर्फ लंबी (32) साथियों गगन, राघव और गोरा के साथ रविवार शाम लगभग 7:15 बजे अपने घर के बाहर बैठे थे। इस दौरान स्कॉर्पियो आकर रुकी, जिसमें सवार युवकों के पास हथियार थे। उन्होंने पहले पता पूछा और फिर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायलों को मेडिसिटी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद गगन (44) को मृत घोषित कर दिया। वहीं देर रात साहिल जिंदल ने लुधियाना स्थित डीएमसी अस्पताल में दम तोड़ दिया।








