रूस के दक्षिण-पश्चिमी साइबेरिया में बड़ा विमान हादसा

रूस के दक्षिण-पश्चिमी साइबेरिया में बड़ा विमान हादसा

सैन्य ट्रांसपोर्ट प्लेन क्रैश, हवा में ही आग की लपटों में घिर गया था विमान; सभी 19 लोगों की मौत

यह हादसा केमेरोवो क्षेत्र के यागुनोवो गांव के पास हुआ

विमान के उपकरणों में खराबी संभावित वजह बताई गई

इस विमान दुर्घटना की पुष्टि गवर्नर इल्या सेरेद्यूक ने की

दुर्घटना की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए जांच

सैन्य परिवहन के लिए An-12 विमान का इस्तेमाल होता

नई दिल्ली

रूस के दक्षिण-पश्चिमी साइबेरिया में मंगलवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। यहां एक सैन्य मालवाहक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 19 लोगों की जान चली गई। हादसा केमेरोवो क्षेत्र के यागुनोवो गांव के पास हुआ। विमान के क्रैश होते ही उसमें आग लग गई। विमान दुर्घटना की पुष्टि केमेरोवो क्षेत्र के गवर्नर इल्या सेरेद्यूक ने की। फिलहाल हादसे के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विमान हवा में ही आग की लपटों में घिर गया था और सीधे जमीन पर जा गिरा। रूसी मीडिया आउटलेट ‘इजवेस्टिया’ के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान एक सैन्य ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट था। रक्षा मंत्रालय की रिपोर्ट में विमान के उपकरणों में खराबी को दुर्घटना की वजह बताया गया है।

An-12 सैन्य विमान होने का दावा

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त विमान An-12 था। यह सोवियत संघ के दौर में विकसित किया गया चार इंजन वाला सैन्य मालवाहक विमान है। इसका निर्माण यूक्रेन की एंटोनोव कंपनी ने किया था। An-12 को 1950 के दशक के आखिर में सेवा में शामिल किया गया था। इस विमान के 1,000 से अधिक मॉडल बनाए जा चुके हैं। इनमें से कुछ विमान आज भी रूस समेत दुनिया के कई देशों में इस्तेमाल किए जा रहे हैं।

सेना के सामान और जवानों को ले जाने में होता है इस्तेमाल

An-12 विमान का इस्तेमाल मुख्य रूप से सैन्य परिवहन के लिए किया जाता है। इसके जरिए सेना के जवानों, हथियारों, गोला-बारूद और अन्य जरूरी सैन्य उपकरणों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाया जाता है। चार टर्बोप्रॉप इंजन से लैस यह विमान भारी सामान ढोने की क्षमता रखता है। हादसे के बाद विमान की तकनीकी स्थिति और उपकरणों में संभावित खराबी को लेकर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *