अमेरिका में हवाई संकट तीसरे दिन भी जारी

अमेरिका में हवाई संकट तीसरे दिन भी जारी

एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में आई तकनीकी खराबी का असर, 10 हजार से ज्यादा उड़ानें प्रभावित

2,300 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं, जबकि करीब 7,700 उड़ानों में देरी

रविवार को 28% उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, वहीं, 17 प्रतिशत फ्लाइट्स कैंसिल हुईं

यूनाइटेड एयरलाइंस, साउथवेस्ट और डेल्टा की भी 3 से 5 प्रतिशत उड़ानें रद्द

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के अनुसार पुरानी एयर ट्रैफिक कंट्रोल व्यवस्था जिम्मेदार

अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में आई तकनीकी खराबी का असर लगातार तीसरे दिन भी देखने को मिला। रविवार को भी हजारों यात्रियों को एयरपोर्ट पर परेशानियों का सामना करना पड़ा। विमानन डेटा ट्रैकर फ्लाइटअवेयर के अनुसार, रविवार को अमेरिका में 10 हजार से अधिक उड़ानें प्रभावित हुईं। इनमें 2,300 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं, जबकि करीब 7,700 उड़ानों में देरी हुई। अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने उम्मीद जताई है कि हवाई सेवाएं सामान्य हो सकती हैं। वहीं, एयरलाइंस कंपनियां अपने उड़ान शेड्यूल को दोबारा पटरी पर लाने में जुटी हैं।

रविवार को भी हालात में खास सुधार नहीं हुआ

रविवार को भी हालात में कोई खास सुधार नहीं हुआ। एयरलाइंस की बात करें तो जेटब्लू सबसे ज्यादा प्रभावित कंपनियों में शामिल रही। रविवार को कंपनी की करीब 28 प्रतिशत उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। वहीं, अमेरिकन एयरलाइंस की 17 प्रतिशत फ्लाइट्स कैंसिल हुईं। यूनाइटेड एयरलाइंस, साउथवेस्ट और डेल्टा की भी 3 से 5 प्रतिशत उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।

ट्रंप ने 50 साल पुराने सिस्टम पर उठाए सवाल

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस संकट के लिए देश की पुरानी एयर ट्रैफिक कंट्रोल व्यवस्था को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका का मौजूदा एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम करीब 50 साल पुराना है। अगर अमेरिकी कांग्रेस एयर ट्रैफिक कंट्रोल व्यवस्था को अपग्रेड करने के लिए जरूरी बजट मंजूर कर देती है तो नया सिस्टम तेजी से तैयार किया जा सकता है।

पहले दिन 5 घंटे तक ठप रहा हवाई यातायात

संकट की शुरुआत शुक्रवार को हुई, जब FAA के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में तकनीकी खराबी आ गई थी। इसके बाद करीब पांच घंटे तक लगभग सभी उड़ानों को रोकना पड़ा। 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद यह अमेरिका में हवाई यातायात बाधित होने की सबसे लंबी घटनाओं में से एक रही। इसका असर अगले कई दिनों तक जारी रहा।

FAA सिस्टम में खराबी, साइबर हमला नहीं

अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने बताया कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम का हार्डवेयर काफी पुराना है और इसी में तकनीकी खराबी आई थी। शुरुआती जानकारी में राउटर की खराबी को भी इस संकट की संभावित वजह बताया गया। डफी ने साइबर हमले की आशंका को खारिज करते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा FAA की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *