पंजाब के पठानकोट से सुरक्षा से जुड़ी बड़ी खबर आई सामने
गनपॉइंट पर कार लूटने से मचा हड़कंप, पंजाब-जम्मू-कश्मीर में हाई-अलर्ट जारी!
सूचना मिलते ही खुफिया एजेंसियां व पुलिस प्रशासन अलर्ट
सफेद रंग की महिंद्रा XUV500 गाड़ी लेकर बदमाश फरार
वारदात के पीछे नशा तस्करों का हाथ होने की आशंका है
पंजाब-जम्मू सीमा व नेशनल हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
पठानकोट
पंजाब के पठानकोट से सुरक्षा से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे पर शहर के डाउनटाउन इलाके में अज्ञात बदमाशों ने कथित तौर पर गनपॉइंट पर एक कार लूट ली। वारदात के बाद बदमाश गाड़ी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही खुफिया एजेंसियां और पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गए हैं। खुफिया एजेंसियों से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, लूटी गई कार सफेद रंग की महिंद्रा XUV500 है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर PB35AA-9902 बताया जा रहा है। यह गाड़ी बमियाल इलाके के रहने वाले एक व्यक्ति की बताई जा रही है। फिलहाल इस घटना के बाद पंजाब-जम्मू सीमा और नेशनल हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
पंजाब और जम्मू-कश्मीर पुलिस सतर्क
पंजाब और जम्मू-कश्मीर पुलिस को सतर्क कर दिया गया है। पठानकोट से कठुआ, सांबा और जम्मू तक नेशनल हाईवे पर पड़ने वाले सभी पुलिस नाकों पर चौकसी बढ़ा दी गई है। पीसीआर टीमों और संबंधित थानों को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस की ओर से हाईवे पेट्रोलिंग टीमों को विशेष रूप से सफेद रंग की महिंद्रा XUV500 गाड़ियों पर नजर रखने और संदिग्ध वाहन दिखाई देने पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया है।
नशा तस्करों का हाथ होने की आशंका
वहीं, खुफिया एजेंसियों से जुड़े सूत्रों ने इस वारदात के पीछे नशा तस्करों का हाथ होने की आशंका जताई है। बताया जा रहा है कि कार भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे इलाके की है। हालांकि, इस आशंका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। थाना सुजानपुर के प्रभारी अरुण शर्मा ने कार लूट की वारदात की पुष्टि की है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और बदमाशों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।








