2027 पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए BJP की बड़ी तैयारी
राघव चड्ढा समेत AAP छोड़कर आए नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी
भाजपा की प्रदेश मेनिफेस्टो कमेटी में चड्ढा और हरभजन सिंह शामिल
AAP छोड़कर आए कुल 6 नेताओं को अलग-अलग कमेटियों में जगह
वहीं, सुनील जाखड़ को चार्जशीट कमेटी का चेयरमैन नियुक्त किया है
17 नवंबर को चंडीगढ़ में पार्टी नेताओं के साथ बैठक होने की संभावना
चंडीगढ़
पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पार्टी ने पूर्व AAP नेताओं और राज्यसभा सांसदों राघव चड्ढा और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह उर्फ भज्जी को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। दोनों नेताओं को भाजपा की प्रदेश मेनिफेस्टो कमेटी में शामिल किया गया है। यह कमेटी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणा पत्र और विजन डॉक्यूमेंट तैयार करेगी। पार्टी ने AAP छोड़कर आए कुल 6 नेताओं को अलग-अलग कमेटियों में जगह दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में कुछ और महत्वपूर्ण कमेटियों का गठन किया जाएगा यानी 2027 के चुनाव से पहले भाजपा ने दोनों मोर्चों पर तैयारी शुरू कर दी।
मेनिफेस्टो कमेटी की कमान अविनाश राय खन्ना को
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने रविवार को दो महत्वपूर्ण कमेटियों का ऐलान किया। मेनिफेस्टो कमेटी की कमान पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना को सौंपी गई है। इस 13 सदस्यीय कमेटी में अलग-अलग क्षेत्रों के नेताओं के सुझाव और अनुभव शामिल किए जाएंगे, ताकि पंजाब के लिए पार्टी की प्राथमिकताओं, नीतियों और चुनावी वादों का खाका तैयार किया जा सके।
वहीं सुनील जाखड़ चार्जशीट कमेटी के चेयरमैन बने
वहीं, दूसरी ओर भाजपा ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ को चार्जशीट कमेटी का चेयरमैन नियुक्त किया है। इस 14 सदस्यीय कमेटी में इकबाल सिंह लालपुरा, विजय सांपला, श्वेत मलिक, महारानी परनीत कौर, रवनीत सिंह बिट्टू, दिनेश बब्बू, सुशील रिंकू, गेजा राम, विक्रमजीत सिंह साहनी, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, एसएस चन्नी और जगमीत सिंह बराड़ को शामिल किया गया है।
भ्रष्टाचार से जुड़े मुद्दे एकत्र कर चार्जशीट होगी तैयार
इस कमेटी की जिम्मेदारी पंजाब की मौजूदा AAP सरकार के कामकाज, कमियों और कथित भ्रष्टाचार से जुड़े मुद्दों को इकट्ठा कर चार्जशीट तैयार करना होगा। खास बात यह है कि राघव चड्ढा और संदीप पाठक दोनों ही आम आदमी पार्टी की पंजाब में चुनावी रणनीति तैयार करने में अहम भूमिका निभा चुके हैं। अब भाजपा ने उनके अनुभव का इस्तेमाल अपनी चुनावी रणनीति को मजबूत करने के लिए किया है।
केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल की चंडीगढ़ में होगी बैठक
उधर, पंजाब में शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत के बीच भाजपा ने अपनी चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। हालांकि, गठबंधन को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। इसके अलावा केंद्रीय जलशक्ति मंत्री और चुनाव प्रभारी सीआर पाटिल के 17 नवंबर को चंडीगढ़ में पार्टी नेताओं के साथ बैठक करने की संभावना है। बैठक में 2027 के चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हो सकती है।








