शेयर मार्केट में मोटे मुनाफे का लालच देकर रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल से 70.19 लाख की ठगी

शेयर मार्केट में मोटे मुनाफे का लालच देकर रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल से 70.19 लाख की ठगी

रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल को 70 लाख 19 हजार 608 रुपए का चूना लगाया

वर्चुअल मुनाफा दिखाकर पीड़ित का भरोसा जीता और फिर लाखों ठग लिए

सख्त कानूनी कार्रवाई करने और ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है

मोहाली

मोहाली से साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां साइबर ठगों ने शेयर मार्केट में शॉर्ट-टर्म निवेश के जरिए मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर न्यू चंडीगढ़ निवासी भारतीय सेना के रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल को 70 लाख 19 हजार 608 रुपए का चूना लगा दिया। आरोपियों ने पहले एक फर्जी ट्रेडिंग ऐप पर करोड़ों रुपए का वर्चुअल मुनाफा दिखाकर पीड़ित का भरोसा जीता और फिर पैसे निकालने के नाम पर लाखों रुपए ठग लिए। फिलहाल पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की है। मोहाली साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

150 सदस्यों वाले एक वॉट्सएप ग्रुप से जुड़े

पुलिस को दी शिकायत में 68 साल के ओम प्रकाश ने बताया कि 31 अगस्त 2026 को फेसबुक चलाते समय उन्हें शेयर मार्केट में शॉर्ट-टर्म निवेश से मुनाफा कमाने का एक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन में दिए गए लिंक के जरिए वह करीब 150 सदस्यों वाले एक वॉट्सएप ग्रुप से जुड़ गए। यहां उन्हें शेयर बाजार से जुड़ी जानकारियां और स्टॉक खरीदने के सुझाव दिए जाते थे। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें IISL NOXUS नाम की एक ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड करवाई और DMA अकाउंट खोलने के नाम पर उनके पैन कार्ड और आधार कार्ड की जानकारी भी ले ली।

2 करोड़ 61 लाख 96 हजार का मुनाफा

आरोपियों के सुझाव पर पीड़ित ने 2 सितंबर से निवेश करना शुरू किया। 21 अक्टूबर तक उन्होंने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 44 लाख रुपए जमा करवा दिए। कुछ समय बाद फर्जी ऐप पर उनके खाते में करीब 2 करोड़ 61 लाख 96 हजार रुपए का मुनाफा दिखाया गया। इतनी बड़ी रकम देखकर पीड़ित को लगा कि उनका निवेश सफल हो गया है। जब उन्होंने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने 10 प्रतिशत ब्रोकर फीस के नाम पर 26 लाख 19 हजार 608 रुपए की मांग की। पैसे वापस मिलने की उम्मीद में पीड़ित ने यह रकम भी जमा करवा दी।

शक हुआ तो आगे पैसे देने से इनकार

लेकिन इसके बाद ठगों ने एक और चाल चली। उन्होंने कहा कि पहले जमा करवाई गई फीस कम है और 13 लाख रुपए अतिरिक्त देने होंगे। इस बार पीड़ित को शक हुआ और उन्होंने आगे पैसे देने से इनकार कर दिया। तब तक आरोपी उनसे कुल 70 लाख 19 हजार 608 रुपए ठग चुके थे। पीड़ित के मुताबिक, आरोपी वॉट्सएप के जरिए अलग-अलग बैंक खातों की जानकारी भेजते थे और शेयर खरीदने के नाम पर उन्हीं खातों में पैसे जमा करवाते थे। आरोपी खुद को ‘हेड लव चतुर्वेदी’ और ‘अदिति झावद’ बताते थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *