उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में दर्दनाक सड़क हादसा
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सुबह-सुबह बड़ा हादसा, पिकअप में घुसी एम्बुलेंस; 5 लोगों की गई जान
मृतकों में दो एम्बुलेंस चालक और तीन अन्य लोग शामिल
राहत एवं बचाव कार्य, एम्बुलेंस में फंसे लोगों को बाहर निकाला
जयपुर से शव लेकर गाजीपुर जा रही एम्बुलेंस तेज रफ्तार में थी
हालांकि, दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, जांच की जा रही है
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में शनिवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजस्थान के जयपुर से एक पार्थिव शरीर को लेकर गाजीपुर जा रही एम्बुलेंस रास्ते में हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार एम्बुलेंस सड़क किनारे खड़े पिकअप वाहन से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एम्बुलेंस में सवार पांचों लोगों की जान चली गई। मृतकों में दो एम्बुलेंस चालक और तीन अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और सुबह के समय छाई धुंध को वजह माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, जांच की जा रही है।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही पांचों ने तोड़ा दम
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए एम्बुलेंस में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हालांकि, वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद पांचों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सुबह 6:30 बजे हादसा, पिकअप में पीछे से टकराई एम्बुलेंस
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर 53.3 किलोमीटर पॉइंट के पास सुबेहा थाना क्षेत्र के घेरावन गांव के नजदीक हुई। जयपुर से शव लेकर गाजीपुर जा रही एम्बुलेंस तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और एम्बुलेंस आगे खड़े पिकअप से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी एम्बुलेंस क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे सभी पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।









