खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश के मामले में बड़ी सजा
आतंकी पन्नू की हत्या की साजिश में भारतीय नागरिक को सजा, न्यूयॉर्क कोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला
जज विक्टर मारेरो ने करीब 80 मिनट तक चली सुनवाई के बाद आदेश जारी किया
इस मामले की वजह से उनकी पत्नी, मां और बच्चों को भी हो रही है काफी परेशानी
परिवार ने कुछ भी गलत नहीं किया फिर भी उन्हें स्थिति का सामना करना पड़ रहा
हत्या की सुपारी देने, हत्या की साजिश रचने व मनी लॉन्ड्रिंग जैसे गंभीर आरोप लगे थे
अमेरिका की एक अदालत ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश के मामले में बड़ी सजा सुनाई है। कोर्ट ने उन्हें 19 साल 7 माह जेल की सजा का फैसला दिया है। सजा सुनने के दौरान निखिल गुप्ता कोर्ट में भावुक हो गए और उन्होंने पन्नू व सिख समुदाय से माफी मांगी। न्यूयॉर्क की सदर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के जज विक्टर मारेरो ने करीब 80 मिनट तक चली सुनवाई के बाद आदेश जारी किया। कोर्ट में निखिल गुप्ता काफी भावुक नजर आए। अपने परिवार का दर्द बयां करते हुए कहा कि इस मामले की वजह से उनकी पत्नी, मां और बच्चों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। उनके परिवार ने कुछ भी गलत नहीं किया है, फिर भी उन्हें इस स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
साल की शुरुआत में कबूला था अपना जुर्म
55 साल के निखिल गुप्ता पर हत्या के लिए सुपारी देने, हत्या की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे गंभीर आरोप लगे थे। उन्होंने इसी साल की शुरुआत में अदालत के सामने अपने इन सभी आरोपों को कबूल कर लिया था। शुक्रवार को जब अदालत में सजा का ऐलान किया गया, तो उससे पहले निखिल ने करीब 6 मिनट तक अंग्रेजी में अपना पक्ष रखा।
गांधी और मंडेला का जिक्र कर मांगी माफी
अदालत में अपनी बात रखते हुए निखिल गुप्ता ने महात्मा गांधी, मदर टेरेसा, नेल्सन मंडेला और मार्टिन लूथर किंग का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वे इन महान नेताओं के बताए रास्ते पर चलना चाहते थे। इसके बाद निखिल ने पन्नू की तरफ देखते हुए कहा कि उन्होंने जो किया, उसे वे बदल नहीं सकते हैं। उन्होंने पन्नू, सिख समुदाय और इस मामले से जुड़े लोगों से माफी मांगते हुए कहा कि उन्हें अपने किए पर गहरा अफसोस है।









