आम लोगों की जेब से जुड़े कई अहम वित्तीय नियमों में बदलाव

1 दिसंबर से बदलेंगे पैसों से जुड़े कई बड़े नियम! SBI क्रेडिट कार्ड, LPG सिलेंडर और निवेश पर पड़ेगा सीधा असर

1 दिसंबर से कुछ खास ट्रांजैक्शन पर अतिरिक्त फीस लागू होगी

वहीं, LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव होने की प्रबल संभावना

RBI की मौद्रिक नीति बैठक में ब्याज दरों को लेकर बड़ा फैसला

EMI बढ़ सकती है या लोन चुकाने की अवधि लंबी हो सकती है

आधार में ईमेल आईडी जोड़ने या अपडेट करने पर फीस माफी

नई दिल्ली

आम लोगों की जेब से जुड़े कई अहम वित्तीय नियमों में बदलाव होने जा रहे हैं। 1 दिसंबर से लागू होने वाले इन बदलावों का असर क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वालों से लेकर गैस सिलेंडर खरीदने और निवेश करने वाले लोगों तक पर पड़ सकता है। SBI क्रेडिट कार्ड के कुछ ट्रांजैक्शन पर अतिरिक्त चार्ज लगने जा रहा है। वहीं, LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव की संभावना है। इसलिए महीने की शुरुआत से पहले इन नियमों को जानना जरूरी है। दिसंबर की शुरुआत में होने वाले ये बदलाव क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वालों, लोन लेने वालों, निवेशकों और गैस उपभोक्ताओं के लिए अहम रहने वाले हैं। आइए जानते हैं क्या-क्या बदलने वाला है।

SBI क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करना होगा महंगा

SBI क्रेडिट कार्ड धारकों के लिए 1 दिसंबर से कुछ खास ट्रांजैक्शन पर अतिरिक्त फीस लागू होगी। नए नियमों के मुताबिक, अगर कोई ग्राहक एक बार में 30 हजार रुपये से ज्यादा का ट्रांसपोर्ट पेमेंट करता है, तो उसे 1 प्रतिशत फीस और लागू टैक्स देना होगा। वहीं, फ्यूल खर्च की बात करें तो अगर एक बिलिंग साइकिल में कुल खर्च 50 हजार रुपये से ज्यादा हो जाता है, तो पूरे फ्यूल खर्च पर 1 प्रतिशत अतिरिक्त चार्ज लगेगा।

RBI की बैठक में ब्याज दरों पर लेंगे फैसला

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक 2 से 4 दिसंबर तक होने वाली है। बैठक में ब्याज दरों को लेकर भी बड़ा फैसला हो सकता है। इस बैठक में रेपो रेट की समीक्षा की जाएगी। अक्टूबर में RBI ने रेपो रेट में 0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी करते हुए इसे 5.50 प्रतिशत कर दिया था। अब दिसंबर की बैठक में होने वाले फैसले पर आम लोगों और बैंक ग्राहकों की नजर रहेगी।

होम लोन और FD पर पड़ सकता है असर

अगर RBI ब्याज दरों में बढ़ोतरी करता है, तो बैंकों की लोन ब्याज दरें भी बढ़ सकती हैं। इसका असर होम लोन समेत दूसरे फ्लोटिंग रेट वाले कर्ज पर पड़ सकता है। ऐसे में ग्राहकों की EMI बढ़ सकती है या लोन चुकाने की अवधि लंबी हो सकती है। वहीं, वहीं, FD में निवेश करने वालों के लिए ब्याज दरों में बढ़ोतरी फायदेमंद साबित हो सकती है। बैंक ज्यादा ब्याज देने की पेशकश कर सकते हैं। हालांकि, यह बाजार की स्थिति पर निर्भर करेगा।

कमोडिटी ट्रेडिंग के मार्जिन नियम भी बदलेंगे

SEBI ने कमोडिटी डेरिवेटिव्स में कारोबार करने वाले ट्रेडर्स के लिए नए मार्जिन नियम तय किए हैं। इसके तहत कमोडिटी की कीमतों में उतार-चढ़ाव और जोखिम के आधार पर ट्रेडर्स को शुरुआती मार्जिन के रूप में 6, 8 या 10 प्रतिशत तक रकम जमा करनी होगी। जोखिम का आकलन करने के लिए दो से तीन दिनों की अवधि तय की जाएगी। ये बदलाव कृषि और गैर-कृषि दोनों तरह की कमोडिटी पर लागू होंगे।

आधार में ईमेल अपडेट कराने की फीस माफ

आधार कार्ड धारकों के लिए भी राहत की खबर है। UIDAI ने आधार में ईमेल आईडी जोड़ने या अपडेट करने पर लगने वाली 75 रुपये की फीस फिलहाल माफ कर दी है। यह सुविधा 31 दिसंबर 2026 तक मिलेगी। हालांकि, इसका लाभ केवल आधिकारिक Aadhaar मोबाइल ऐप के जरिए ईमेल अपडेट कराने पर ही मिलेगा। ऐसे में जिन लोगों को आधार में ईमेल एड्रेस जोड़ना या बदलना है, वे 31 दिसंबर से पहले यह काम कर सकते हैं।

NRI और OCI के लिए डिजिटल KYC सुविधा

दिसंबर से NRI, OCI कार्डधारकों और विदेश में रहने वाले भारतीय निवेशकों के लिए KYC प्रक्रिया आसान होने जा रही है। SEBI के नए नियमों के तहत FATF नियमों का पालन करने वाले देशों में रहने वाले लोग भारत आए बिना डिजिटल KYC पूरी कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें SEBI से रजिस्टर्ड ब्रोकर या वित्तीय संस्थानों की मदद लेनी होगी। इससे विदेश में रहने वाले भारतीयों के लिए देश के शेयर बाजार में निवेश करना आसान हो सकता है।

LPG सिलेंडर की कीमतों में हो सकता बदलाव

हर महीने की पहली तारीख को सरकारी तेल कंपनियां LPG सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं। ऐसे में 1 दिसंबर को घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के नए रेट जारी हो सकते हैं। खास तौर पर 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में बदलाव पर होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों की नजर रहेगी। वहीं, 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर के दाम बढ़ते हैं या स्थिर रहते हैं, इसका सीधा असर आम परिवारों के रसोई बजट पर पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *