चंडीगढ़ सड़क हादसे में बेटे को खोने वाले माता-पिता को मिलेगा 16 लाख रुपए मुआवजा
अदालत ने समझौते के आधार पर याचिका का निपटारा कर दिया है
मोटर एक्सीडेंट क्लेम ट्रिब्यूनल में परिवार ने 40 लाख मुआवजा मांगा
वाहन का बीमा मैग्मा एचडीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी के पास था
अदालत ने समझौता कर मुआवजे की राशि का बंटवारा भी तय किया
चंडीगढ़ :
सड़क हादसे में बेटे की मौत के बाद मुआवजे के लिए करीब तीन साल से कानूनी लड़ाई लड़ रहे बिहार निवासी माता-पिता को अब 16 लाख रुपए मिलेंगे। मोटर एक्सीडेंट क्लेम ट्रिब्यूनल में परिवार ने 40 लाख रुपए मुआवजे की मांग की थी। हालांकि, लोक अदालत में दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के बाद बीमा कंपनी 16 लाख रुपए देने पर सहमत हो गई। अदालत ने समझौते के आधार पर याचिका का निपटारा कर दिया है।
27 नवंबर 2023 को हादसे में हुई बेटे की मौत
याचिका के अनुसार, परवीन कुमार उर्फ प्रवीण कुमार की 27 नवंबर 2023 को चंडीगढ़ में सड़क हादसे के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में थाना सेक्टर-36 में FIR दर्ज की गई थी। पुलिस ने आईपीसी की धारा 279 और 337 के तहत केस दर्ज किया था। आरोप था कि बोलेरो गाड़ी चालक अखिल कैन्थ की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हादसा हुआ। वाहन का बीमा मैग्मा एचडीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी के पास था।
माता-पिता ने मांगा था 40 लाख रुपए मुआवजा
बेटे की मौत के बाद मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 166 के तहत याचिका दायर कर 40 लाख मुआवजे की मांग की थी। सुनवाई के दौरान वाहन चालक, मालिक और बीमा कंपनी ने अपना पक्ष रखा और मुआवजे के दावे का विरोध किया। बाद में लोक अदालत में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। वकील नवदीप अरोड़ा और बीमा कंपनी के वकील अरविंद गुप्ता ने संयुक्त बयान देकर 16 लाख में अंतिम निपटारा करने पर सहमति जताई।
मां को 60% और पिता को मिलेगा 40% हिस्सा
अदालत ने समझौता कर मुआवजा राशि का बंटवारा भी तय कर दिया है। मृतक की मां गीता देवी को 60 प्रतिशत यानी 9 लाख 60 हजार, जबकि पिता श्याम यादव को 40 प्रतिशत यानी 6 लाख 40 हजार रुपए दिए जाएंगे। बीमा कंपनी को 45 दिनों के भीतर भुगतान करना होगा। यह रकम सीधे माता-पिता के बैंक खातों में जमा कराई जा सकती है या मोटर एक्सीडेंट क्लेम ट्रिब्यूनल के खाते में RTGS या NEFT के जरिए भेजी जा सकती है।







