जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षा बलों को मिली सफलता
लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर लतीफ मुठभेड़ में ढेर, मस्जिद में छिपा था आतंकी
आत्मसमर्पण के मौके देने के बावजूद सरेंडर करने से इनकार
खास सावधानी बरती और मस्जिद को नुकसान ना होने दिया
पुख्ता खुफिया जानकारी थी, ऑपरेशन था चुनौतीपूर्ण : SSP
CRPF के DG जीपी सिंह ने ‘X’ पर सुरक्षा बलों को बधाई दी
कुलगाम
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के कमांडर लतीफ भट को मार गिराया। आतंकवादी एक मस्जिद के अंदर छिपा हुआ था। सुरक्षा बलों ने उसे बाहर आने और आत्मसमर्पण करने के लिए कई बार चेतावनी दी, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया। इसके बाद हुई मुठभेड़ में वह मारा गया। इस पूरे ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने विशेष सावधानी बरती और मस्जिद को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचने दिया। आतंकवादी के मस्जिद में मौजूद होने के कारण ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण बन गया था।
खुफिया जानकारी पर ऑपरेशन
कुलगाम के SSP अनायत अली चौधरी ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को आतंकवादी की मौजूदगी को लेकर पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद सुरक्षा बलों ने आपसी तालमेल और बेहतर रणनीति के साथ इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। सुरक्षा बलों ने उस पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी, जहां स्थानीय आतंकवादी लतीफ भट छिपा हुआ था।
पौने 3 बजे शुरू हुई ये मुठभेड़
SSP अनायत अली चौधरी के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 2:45 बजे आतंकवादी ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग कर दी। इसके बाद दोनों तरफ से गोलीबारी शुरू हो गई और इलाके में मुठभेड़ तेज हो गई। आतंकवादी के मस्जिद के अंदर फंसे होने के कारण सुरक्षा बलों के सामने बड़ी चुनौती थी। मस्जिद को नुकसान से बचाने के लिए जवानों ने बेहद संयम और सावधानी के साथ कार्रवाई की।
CRPF के DG ने अनोखे अंदाज में दी बधाई
ऑपरेशन में लश्कर कमांडर के मारे जाने के बाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के महानिदेशक जीपी सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर सुरक्षा बलों को बधाई दी। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “बधाई हो साथियों। कुछ चीजें ठंडी करके ही परोसी जानी चाहिए, भले ही मौसम ठंडा क्यों न हो।” इस तरह कुलगाम में सुरक्षा बलों ने एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम देते हुए लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर को मार गिराया।









