जालंधर नेशनल हाईवे पर कार बेकाबू होकर डिवाइडर पार पहुंची, हादसे में पति-पत्नी घायल
हरबंस सिंह को मामूली चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी को गंभीर चोटें लगीं हैं
घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा बल (SSF) की टीम मौके पर पहुंची
दोनों को प्राथमिक सहायता और 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया
इसके बाद क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटाकर यातायात बहाल करवाया गया
जालंधर
जालंधर में नेशनल हाईवे पर मिश्रा ढाबा के सामने एक सड़क हादसा हो गया। अमृतसर से लुधियाना की ओर जा रही एक कार अचानक बेकाबू होकर सेंटर डिवाइडर पार कर हाईवे की दूसरी तरफ पहुंच गई। हादसे में कार सवार दंपति घायल हो गया। हादसे में हरबंस सिंह को मामूली चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी को गंभीर चोटें लगीं। घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा बल (SSF) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने दोनों को प्राथमिक सहायता दी और 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटाकर यातायात बहाल करवाया गया।
मिश्रा ढाबा के पास बिगड़ा था कार का संतुलन
SSF इंचार्ज सरबजीत सिंह ने बताया कि उन्हें एक राहगीर ने फोन कर मिश्रा ढाबा के सामने दुर्घटना होने की सूचना दी थी। टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि हरबंस सिंह अपनी पत्नी के साथ कार में अमृतसर से लुधियाना की तरफ जा रहे थे। जब उनकी कार मिश्रा ढाबा के पास पहुंची तो अचानक गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया जिसके चलते कार सेंटर डिवाइडर पार कर हाईवे की दूसरी तरफ जा पहुंची।
टोइंग वैन से हटाई कार, हाईवे पर ट्रैफिक बहाल
हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक प्रभावित हो गया था। सड़क सुरक्षा बल की टीम ने टोइंग वैन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाया और जाम खुलवाकर वाहनों की आवाजाही सुचारू करवाई। गोराया थाने के ड्यूटी ऑफिसर एएसआई सुरिंदर पाल को भी सूचना दी गई। पुलिस को घटना की जानकारी देकर आगे की कार्रवाई के लिए सूचित किया गया।









