शिरोमणि अकाली दल और भाजपा में जाने की चर्चाओं पर बोले राणा गुरजीत, मित्रां दा नां चलदै
पिछले दो दिनों से सोशल मीडिया पर उनके नाम की काफी चर्चा हो रही है
राणा ने सवालिया अंदाज में पूछा कि आखिर भाजपा का वरिष्ठ नेता कौन है?
स्पष्ट किया पार्टी बदलने को लेकर चल रही बातें सोशल मीडिया की उपज हैं
साफ कहा कि पार्टी छोड़ने को लेकर चल रही चर्चाओं में कोई सच्चाई नहीं
कांग्रेस नेता राणा गुरजीत सिंह ने अकाली दल या भाजपा में शामिल होने की अटकलों को खारिज किया है। सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए राणा गुरजीत सिंह ने हंसते हुए कहा, “एक बात तो मानते हो कि मित्रां दा नां चलदै।” पिछले दो दिनों से सोशल मीडिया पर उनके नाम की काफी चर्चा हो रही है। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात के सवाल पर राणा ने सवालिया अंदाज में पूछा कि आखिर भाजपा का वरिष्ठ नेता कौन है? उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी भाजपा नेता से नहीं मिले हैं और पार्टी बदलने को लेकर चल रही बातें सोशल मीडिया की उपज हैं।

बोले- बिना पुष्टि के खबरें न चलाएं
कांग्रेस नेता ने सोशल मीडिया यूजर्स और पत्रकारों से अपील की कि किसी भी खबर को चलाने से पहले उसकी पुष्टि जरूर की जाए। उन्होंने कहा कि बिना सत्यापन के खबरें प्रसारित करने से गलतफहमियां पैदा होती हैं। राणा गुरजीत सिंह ने अपने राजनीतिक रुख को स्पष्ट करते हुए कहा कि वह और उनका परिवार कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े हुए हैं। वह पंजाब के हितों से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज उठाते रहेंगे।
बेटे की राजनीति पर भी दिया बयान
राणा गुरजीत सिंह ने अपने बेटे का जिक्र करते हुए कहा कि भले ही उनका बेटा निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीता हो, लेकिन उसकी सोच और विचारधारा पूरी तरह कांग्रेस से जुड़ी हुई है। उनके अपने कुछ नेता भी शायद इन खबरों को सुनकर खुश हो रहे थे कि वह कांग्रेस छोड़ने वाले हैं। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि पार्टी छोड़ने को लेकर चल रही चर्चाओं में कोई सच्चाई नहीं है।







