अमृतसर जा रही पैसेंजर ट्रेन में लगी भीषण आग, सवारियों में मची भगदड़
कुछ ही देर में लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया
आग तेजी से फैलते ट्रेन के चार डिब्बों तक पहुंच गई
आग का पता चलते ही लोको पायलट ने ट्रेन रोक दी
सूचना मिलते ही पुलिस व बचाव दल मौके पर पहुंचे
फिलहाल घटना में कोई हताहत होने की सूचना नहीं
आग फैलने के बाद यात्रियों में दहशत का मा
पंजाब में अमृतसर जा रही ट्रेन एक बड़े हादसे का शिकार हो गई। पटियाला के राजपुरा में कर्मभूमि एक्सप्रेस पैसेंजर ट्रेन के चार डिब्बों में अचानक आग लग गई। शुरुआती तौर पर आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन कुछ ही देर में लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग का पता चलते ही लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन रोक दी, जिसके बाद यात्रियों ने नीचे उतरकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। रेलवे की ओर से आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि ट्रेन के डिब्बों में आग किस वजह से लगी। फिलहाल घटना में कोई हताहत होने की सूचना नहीं है।
एक बोगी से शुरू हुई आग, देखते ही देखते 4 डिब्बों तक पहुंची
जानकारी के अनुसार, ट्रेन में सबसे पहले एक डिब्बे में आग लगी थी। आग तेजी से फैलते हुए ट्रेन के चार डिब्बों तक पहुंच गई। चारों बोगियों से उठता काला धुआं दूर तक दिखाई देने लगा। आग इतनी भयानक थी कि डिब्बे धू-धू कर जलने लगे। देखते ही देखते यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए ट्रेन से बाहर निकलने लगे। शुरुआती जानकारी में किसी यात्री की जान जाने की खबर सामने नहीं आई है।
ट्रेन से बाहर कूदे यात्री, वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया
ट्रेन में आग फैलने के बाद यात्रियों के बीच दहशत का माहौल बन गया। लोग अपना सामान छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। लोको पायलट ने समय रहते ट्रेन रोक दी, जिससे यात्रियों को बाहर निकलने का मौका मिल गया। रेलवे अधिकारियों को भी हादसे की जानकारी दे दी गई है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। रेलवे और संबंधित अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं।









