जालंधर के गुरु नानक नगर में घर के बाहर फायरिंग मामला

जालंधर के गुरु नानक नगर में घर के बाहर फायरिंग मामला

शिकायतकर्ता साहिल ही निकला आरोपी, पुलिस ने चार को किया अरेस्ट

शिकायतकर्ता के घर के बाहर 5 से 6 राउंड फायरिंग की गई थी

जांच में शिकायतकर्ता साहिल के बयानों में कई बातें संदिग्ध लगीं

फायरिंग के पीछे पुरानी रंजिश और आपसी विवाद की बात आई

गुरु नानक नगर के साहिल की दोस्ती गढ़ा के साहिल से हुई थी

जालंधर

जालंधर के नागरा रोड स्थित गुरु नानक नगर में साहिल नामक व्यक्ति के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस केस में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कुछ दिन पहले मोटरसाइकिल सवार युवकों ने साहिल के घर के बाहर 5 से 6 राउंड फायरिंग की थी। शुरुआती जांच में शिकायतकर्ता साहिल की कहानी संदिग्ध लगी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की। पुलिस पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी साहिल के कब्जे से 50 ग्राम हेरोइन और ड्रग मनी के 5200 रुपये बरामद किए गए। इसके बाद आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21 के तहत अलग से मामला दर्ज किया गया। वहीं, मामले में NDPS एक्ट की धारा 27-A के तहत भी बढ़ोतरी की है।

डीसीपी बोले- शिकायतकर्ता की कहानी पर हुआ शक

मीडिया से बातचीत करते हुए डीसीपी मनप्रीत ढिल्लों ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने जब मामले की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं तो फायरिंग के पीछे पुरानी रंजिश और आपसी विवाद की बात सामने आई। जांच में पता चला कि गुरु नानक नगर निवासी साहिल की दोस्ती गढ़ा के रहने वाले एक अन्य साहिल से हुई थी। दोनों की मुलाकात कपूरथला जेल में हुई थी, जहां शिकायतकर्ता साहिल हत्या के एक मामले में बंद था।

अमेरिका में रह रहा आरोपी, दर्ज हैं 4 आपराधिक केस

पुलिस के मुताबिक, गढ़ा निवासी साहिल इस समय अमेरिका में है और उसके खिलाफ पहले से 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं। कुछ समय बाद दोनों साहिल के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि रंजिश के चलते गढ़ा निवासी साहिल ने गुरु नानक नगर में रहने वाले साहिल को जान से मारने की नीयत से निशाना बनवाया। गुरु नानक नगर निवासी साहिल को भी इस मामले में आरोपी बनाया और गिरफ्तार कर लिया।

अमृतसर निवासी तीन युवक वर्ना कार समेत गिरफ्तार

पुलिस ने फायरिंग की वारदात को अंजाम देने के आरोप में अमृतसर के रहने वाले तीन युवकों जशनदीप सिंह, जगजीत सिंह और अमरेंद्र सिंह को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई वर्ना कार भी बरामद की है। इजांच में एक अन्य आरोपी सरवन सिंह का नाम भी सामने आया है, जिसके बाबा बकाला में मौजूद होने की जानकारी मिली है। पुलिस द्वारा जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *