जालंधर में कपूरथला रोड स्थित निर्माणाधीन चैरिटेबल अस्पताल पर कार्रवाई

जालंधर में कपूरथला रोड स्थित निर्माणाधीन चैरिटेबल अस्पताल पर कार्रवाई

चैरिटेबल अस्पताल पर चला प्रशासन का पीला पंजा, पुलिस इमारत करेगी फ्रीज

इस इमारत का निर्माण नशा कारोबार से अर्जित काली कमाई से कराया गया था

इमारत अमनदीप सिंह की, जिसके खिलाफ पहले से तीन आपराधिक केस दर्ज

तीन मामलों में से दो NDPS एक्ट के तहत, एक केस आर्म्स एक्ट से संबंधित है

जालंधर

नशे के खिलाफ पुलिस और निगम टीम ने जालंधर में कपूरथला रोड स्थित बस्ती बावा खेल में निर्माणाधीन एक चैरिटेबल अस्पताल पर कार्रवाई की। टीम ने अस्पताल की इमारत के कुछ हिस्से पर पीला पंजा चलाया। इस इमारत का निर्माण नशीली दवाइयों के कारोबार से अर्जित काली कमाई से किया जा रहा था। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि इमारत अमनदीप सिंह की है, जिसके खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। अमनदीप के खिलाफ दर्ज तीन मामलों में से दो NDPS एक्ट के तहत हैं, जबकि एक मामला आर्म्स एक्ट से संबंधित है। इस मामले में अमनदीप सिंह और उसके पिता के मेडिकल लाइसेंस भी रद्द किए जा चुके हैं।

अमनदीप की दुकान से मिली थीं एक लाख से ज्यादा नशीली गोलियां

पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि अमनदीप सिंह आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और नशीली दवाइयों के कारोबार से हुई अवैध कमाई से इस इमारत का निर्माण करवाया जा रहा था। करीब दो सप्ताह पहले अमनदीप सिंह की दुकान पर छापेमारी की गई थी। इस दौरान पुलिस ने वहां से एक लाख से अधिक नशीली गोलियां बरामद की थीं। नशे के खिलाफ अभियान जारी है और हॉटस्पॉट इलाकों में कार्रवाई की जा रही है।

पहले इमारत फ्रीज होगी फिर सरकारी इस्तेमाल की बनेगी योजना

फिलहाल निर्माणाधीन अस्पताल के कुछ हिस्से पर कार्रवाई की गई है। अस्पताल के निर्माण के पीछे अवैध कमाई का इस्तेमाल किया जा रहा था। आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से पूरी इमारत पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस संपत्ति को फ्रीज करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाएगी। इसके बाद यहां सरकारी इमारत बनाने की योजना है। प्रशासन का उद्देश्य नशे के कारोबार से जुड़ी अवैध संपत्तियों पर शिकंजा कसना है।

नगर निगम के जारी किए नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिला

सीपी सतिंदर सिंह के अनुसार, नगर निगम की ओर से इमारत के संबंध में अमनदीप सिंह को पहले भी नोटिस जारी किए गए थे। हालांकि, उसकी तरफ से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। जून महीने में थाना डिवीजन नंबर-1 के क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुई झड़प में भी अमनदीप सिंह का नाम सामने आया था और वह फिलहाल जेल में बंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *