पंजाब पुलिस को मिली बड़ी सफलता
अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी देने वाला ‘कोबरा’ गिरफ्तार
गिरफ्तारी के बाद अदालत में पेश किया, जहां से एक दिन का पुलिस रिमांड
रोहतक शास्त्री कॉलोनी पहुंची पंजाब पुलिस कोमल को अपने साथ ले आई
गिरफ्तारी के बाद ही पता चला मामला केजरीवाल को धमकी देने से जुड़ा
एक अज्ञात नंबर से कॉल आई, वॉट्सऐप पर भी धमकी भरा संदेश भेजा था
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को धमकी देने के मामले में पंजाब पुलिस ने हरियाणा के रोहतक से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कोमल उर्फ कोबरा जांगड़ा के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने शनिवार (14 नवंबर) को उसे अदालत में पेश किया, जहां से एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। अब पुलिस उससे पूछताछ कर धमकी देने के पीछे की वजह, इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाएगी।
रोहतक DC ऑफिस में क्लर्क रह चुका है आरोपी

आरोपी के भाई तिलकराज के मुताबिक, पंजाब पुलिस शुक्रवार को रोहतक की शास्त्री कॉलोनी पहुंची थी और वहां से कोमल को अपने साथ ले गई। परिवार को उसकी गिरफ्तारी के बाद ही पता चला कि मामला अरविंद केजरीवाल को धमकी देने से जुड़ा है। आरोपी पहले रोहतक के DC ऑफिस में क्लर्क के पद पर काम करता था, लेकिन करीब छह महीने पहले उसे नौकरी से टर्मिनेट कर दिया गया था।
आरोपी कोमल को अपना असली नाम पसंद नहीं था
जानकारी के अनुसार, कोमल मूल रूप से रोहतक के समरगोपालपुर कलां गांव का रहने वाला है। वह पिछले कुछ सालों से अपने परिवार के साथ रोहतक की अमृत कॉलोनी में रह रहा था। बताया जा रहा है कि कोमल को अपना असली नाम पसंद नहीं था। इसी वजह से उसने अपना नाम बदलकर ‘कोबरा’ रख लिया था। अब केजरीवाल को धमकी देने के मामले में गिरफ्तारी के बाद उसका नाम चर्चा में आ गया है।
AAP विधायक जरनैल सिंह ने दर्ज करवाई शिकायत
इस मामले की शुरुआत दिल्ली के तिलक नगर से AAP विधायक जरनैल सिंह की शिकायत से हुई थी। 6 नवंबर को शाम करीब 6 बजे उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आई थी। उन्हें वॉट्सऐप पर भी धमकी भरा संदेश भेजा गया था। पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान हरियाणा के रोहतक के रहने वाले कोमल उर्फ कोबरा जांगड़ा का नाम सामने आया।







