मिस्र से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर आई सामने
राजधानी में भयानक सड़क हादसा, तेल टैंकर पलटने के बाद जोरदार धमाका, 31 की मौ/त, 21 से ज्यादा घायल
तेल टैंकर में धमाके के बाद 24 से ज्यादा गाड़ियां जलीं
फायर ब्रिगेड़ ने कड़ी मशक्कत के बाद आग की कंट्रोल
स्थानीय लोगों की मदद से फंसे लोगों को बाहर निकाला
आग लगने की पूरी घटना एक कार के डैशकैम में कैद
राष्ट्रपति अब्देल-फतह अल-सीसी ने संवेदना व्यक्त की
नई दिल्ली
मिस्र से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। राजधानी काहिरा के नजदीक बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। हाईवे पर तेल से भरा टैंकर पलटने के बाद जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते विकराल आग ने हाईवे पर दौड़ रहीं और आसपास मौजूद कई गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों के बीच कई लोग अपनी गाड़ियों में फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। इस हादसे में 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। आग इतनी तेजी से फैली कि 24 से ज्यादा कारें और मोटरसाइकिलें जलकर खाक हो गईं। वहीं, राष्ट्रपति अब्देल-फतह अल-सीसी ने हादसे पर दुख जताते पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
टैंकर पलटते ही हुआ धमाका, कई वाहन आग की चपेट में आए
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तेल से भरा एक टैंकर हाईवे पर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इसके कुछ ही देर बाद टैंकर में जोरदार विस्फोट हुआ और आग आसपास खड़ी तथा गुजर रही गाड़ियों तक फैल गई। हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। बचाव दल ने वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।
39 एम्बुलेंस बचाव कार्य में लगाई, फायर ब्रिगेड़ की टीमें पहुंची

हादसा काहिरा के उपनगर इम्बाबा के वाराक जिले में हुआ। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। बचाव कार्य के लिए 39 एम्बुलेंस तैनात की गईं। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। टैंकर में धमाके और आग लगने की पूरी घटना एक कार के डैशकैम में भी कैद हुई है। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।
जनवरी में भी भीषण सड़क हादसे में गई थी 21 लोगों की जान
मिस्र में इस साल सड़क हादसों की कई बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। जनवरी में बेनी सुएफ प्रांत के पास कई वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हुई थी। इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 16 अन्य घायल हो गए थे। हादसे के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। लगातार हो रही ऐसी दुर्घटनाओं ने मिस्र में सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







