WhatsApp यूजर्स की बड़ी टेंशन खत्म, अब Birthday से लेकर Reminder तक कर सकेंगे शेड्यूल
तय समय पर ऑनलाइन रहने की जरूरत नहीं होगी
निश्चित तारीख और समय पर भेजने का सेट कर सकेंगे
10 मिनट बाद व 14 दिन आगे का समय चुन सकते हैं
दुनिया के सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जाएगा
नई दिल्ली
WhatsApp यूजर्स के लिए एक नया फीचर पेश किया जा रहा है, जिसकी मदद से अब मैसेज भेजने के लिए तय समय पर ऑनलाइन रहने की जरूरत नहीं होगी। कंपनी ने Message Scheduling फीचर काे रोलआउट कर दिया है। इसके जरिए यूजर्स अपनी पर्सनल और ग्रुप चैट में मैसेज पहले से लिखकर किसी निश्चित तारीख और समय पर भेजने के लिए सेट कर सकेंगे। इस फीचर में यूजर्स कम से कम 10 मिनट बाद और अधिकतम 14 दिन आगे तक का समय चुन सकते हैं। आने वाले कुछ हफ्तों में इसे दुनियाभर के सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
जन्मदिन की बधाई से जरूरी रिमाइंडर तक
WhatsApp का यह नया फीचर कई मौकों पर उपयोगी साबित हो सकता है। उदाहरण के तौर पर, अगर आपको परीक्षा के लिए शुभकामनाएं देनी हैं, तो रात में ही मैसेज लिखकर सुबह का समय निर्धारित कर सकते हैं। किसी मीटिंग, पार्टी या अन्य कार्यक्रम से पहले ग्रुप में जरूरी रिमाइंडर भेजने के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा। यूजर्स को मैसेज भेजने के लिए अलार्म लगाने या सही समय का इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
WhatsApp पर शेड्यूल कर सकेंगे मैसेज
यूजर्स को कुछ आसान स्टेप्स फॉलो करने होंगे। सबसे पहले WhatsApp खोलकर उस पर्सनल या ग्रुप चैट में जाएं, जहां मैसेज भेजना है। इसके बाद अपना मैसेज टाइप करें और Send बटन को कुछ देर तक दबाकर रखें। इसके बाद स्क्रीन पर तारीख और समय चुनने का विकल्प दिखाई देगा। सुविधा के अनुसार तारीख और समय निर्धारित करने के बाद शेड्यूल की पुष्टि कर दें। तय समय आते ही मैसेज अपने आप भेज दिया जाएगा।
फोटो और वीडियो भी कर सकेंगे शेड्यूल
यह सुविधा केवल टेक्स्ट मैसेज तक सीमित नहीं रहेगी। यूजर्स फोटो, वीडियो और लिंक भी पहले से शेड्यूल कर सकेंगे। उदाहरण के लिए, किसी दोस्त को जन्मदिन पर फोटो के साथ शुभकामना भेजनी हो या किसी ग्रुप में तय समय पर वीडियो शेयर करना हो, तो यह काम पहले से किया जा सकेगा। मैसेज डिलीवर होने के बाद सामने वाले व्यक्ति को यह सामान्य WhatsApp मैसेज की तरह ही दिखाई देगा।
फोन बंद होने पर भी समय पर जाएगा मैसेज
इस फीचर की एक खास बात यह बताई गई है कि शेड्यूल किए गए मैसेज भेजने के लिए यूजर का फोन चालू या इंटरनेट से कनेक्ट होना जरूरी नहीं होगा। अगर फोन की बैटरी खत्म हो जाए, डिवाइस स्विच ऑफ हो जाए या नेटवर्क उपलब्ध न हो, तब भी निर्धारित समय पर मैसेज डिलीवर हो सकेगा। इससे यूजर्स को फोन बंद होने या इंटरनेट कनेक्शन न होने की स्थिति में भी मैसेज छूटने की चिंता नहीं रहेगी।
End-to-End Encryption के साथ मिलेगी सुरक्षा
शेड्यूल किए गए मैसेज भी सामान्य निजी चैट की तरह End-to-End Encryption के तहत सुरक्षित रहेंगे। इसका मतलब है कि मैसेज भेजने वाले और प्राप्त करने वाले के अलावा कोई तीसरा व्यक्ति उसका कंटेंट नहीं पढ़ सकेगा। इसके साथ ही यूजर्स को अपने शेड्यूल किए गए मैसेज पर पूरा नियंत्रण मिलेगा। अगर किसी मैसेज को भेजने से पहले प्लान बदल जाता है, तो उसे तय समय से पहले देखा, डिलीट या कैंसिल किया जा सकेगा।







