15 प्रमुख मांगों को लेकर कर्मचारियों का धरना आखिरकार खत्म

15 प्रमुख मांगों को लेकर कर्मचारियों का धरना आखिरकार खत्म

जालंधर में नगर निगम कर्मियों की हड़ताल खत्म, मेयर विनीत धीर ने दिया मांगे पूरी करने का भरोसा

कर्मचारियों की मांगों को लिखित रूप में पूरा करने का भरोसा दिया

बैठक में मेयर और निगम कमिश्नर ने सकारात्मक आश्वासन दिया

1196 कर्मचारियों को नियमित करने की प्रक्रिया पर फाइल पास

सफाई व्यवस्था को बनाए रखने में सहयोग देने पर आभार व्यक्त

जालंधर

जालंधर नगर निगम में पिछले कई दिनों से भर्ती और स्टाफिंग समेत 15 प्रमुख मांगों को लेकर चल रहा कर्मचारियों का धरना आखिरकार खत्म हो गया है। निगम यूनियन के एक धड़े द्वारा 19 तारीख से प्रशासन के खिलाफ हड़ताल की जा रही थी। अब मेयर विनीत धीर के साथ हुई बैठक के बाद कर्मचारियों ने अपना आंदोलन समाप्त करने का फैसला लिया है। एससी कमिशन के चेयरमैन चंदन ग्रेवाल ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि निगम प्रशासन ने कर्मचारियों की मांगों को लिखित रूप में पूरा करने का भरोसा दिया है।

मेयर और कमिश्नर ने दिया मांगें पूरी करने का आश्वासन

चंदन ग्रेवाल ने बताया कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर मेयर विनीत धीर के साथ बैठक की गई थी। इस दौरान निगम प्रशासन की ओर से भरोसा दिया गया कि कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को जल्द हल किया जाएगा। बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं को दूर करने के लिए मेयर और नगर निगम कमिश्नर ने सकारात्मक आश्वासन दिया। इसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म करने का फैसला किया।

1196 कर्मचारियों को पक्का करने की फाइल पास

ग्रेवाल ने बताया कि नगर निगम में काम कर रहे 1196 कर्मचारियों को नियमित करने की प्रक्रिया को लेकर फाइल पास हो चुकी है। बैठक के दौरान मेयर ने कर्मचारियों को संबंधित पत्र दिखाए। इसके अलावा 16 कर्मचारियों को जल्द नियुक्ति पत्र जारी किए जाने की बात भी कही गई है। कर्मचारियों की मांगों पर प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन मिलने के बाद हड़ताल समाप्त कर दी गई है।

कर्मचारियों की सैलरी और ग्रेच्युटी को लेकर राहत

चंदन ग्रेवाल ने बताया कि कर्मचारियों की सैलरी में भी बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही वर्ष 2004 के बाद से ग्रेच्युटी का लाभ नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया गया था। अब पंजाब सरकार की ओर से इस संबंध में पत्र जारी कर कर्मचारियों की मांग को मंजूरी दी गई है। उन्होंने सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित कर्मचारियों की मांगों पर अब कार्रवाई हो रही है।

रोस्टर सिस्टम खत्म करने की मांग पर बोले चेयरमैन

रोस्टर सिस्टम के मुद्दे पर चंदन ग्रेवाल ने कहा कि इसे पूरी तरह खत्म नहीं किया जा सकता, लेकिन कर्मचारियों को इसमें राहत जरूर मिलनी चाहिए। कर्मचारियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्था में जरूरी सुधार किए जाने चाहिए। चंदन ग्रेवाल ने बताया कि हड़ताल के दौरान भी कर्मचारियों ने सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दिया था। इसके लिए उन्होंने कर्मचारियों का स्वागत और आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *