कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पीएम मोदी से पूछा- “साहब, मेरी कोई जरूरत है या नहीं?”
नाराज कैप्टन ने पार्टी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं
कैप्टन ने भाजपा के कामकाज के तरीके पर असंतोष व्यक्त किया
पांच साल हो गए हैं और आपको पंजाब में मेरी जरूरत नहीं पड़ी
न तो दिल्ली में, न ही पंजाब स्तर पर ठोस राजनीतिक चर्चा की है
अपनी पुरानी पार्टी कांग्रेस के मौजूदा हालात पर भी टिप्पणी की
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह का पार्टी में लगातार हो रही अनदेखी को लेकर दर्द छलक पड़ा है। भाजपा में शामिल होने के पांच साल बाद भी राजनीतिक रूप से हाशिए पर रखे जाने से नाराज कैप्टन ने पार्टी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने खुलासा किया है कि वे इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी सीधे तौर पर बात कर चुके हैं। कामकाज के तरीके पर असंतोष जताते हुए कहा कि भाजपा में शामिल हुए उन्हें पांच साल बीत चुके हैं, लेकिन न तो दिल्ली में और न ही पंजाब स्तर पर किसी ने उनसे कोई ठोस राजनीतिक चर्चा की है। उनके मुताबिक, पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात के लिए समय मिलना बेहद कठिन है और साल में मुश्किल से एक बार ही भेंट हो पाती है।
पीएम मोदी से दो टूक सवाल- “पंजाब को जानने वालों के लिए समय नहीं”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई अपनी मुलाकात का जिक्र करते हुए कैप्टन ने बताया कि उन्होंने सीधे पूछा, “साहब, मेरी कोई जरूरत है या नहीं?” जब पीएम ने इसका मतलब पूछा, तो कैप्टन ने साफ कहा कि पांच साल हो गए हैं और आपको पंजाब में मेरी जरूरत ही नहीं पड़ी। अपने 60 साल के लंबे राजनीतिक अनुभव का हवाला देते हुए उन्होंने तंज कसा कि पार्टी तेलंगाना जैसे राज्यों से नेताओं को भेजकर पंजाब का कामकाज सौंप देती है, लेकिन जो लोग पंजाब की नब्ज को बखूबी समझते हैं, उनके लिए नेतृत्व के पास समय नहीं है।
सर्जरी के बाद अब पूरी तरह फिट, सतीश पूनिया से मुलाकात का इंतजार
स्वास्थ्य कारणों से सक्रिय राजनीति से कुछ समय दूर रहने के सवाल पर कैप्टन ने स्पष्ट किया कि पहले कमर की सर्जरी और फिर घुटना बदलवाने के कारण उन्हें थोड़ा समय जरूर लगा, लेकिन अब वे पूरी तरह फिट हैं। इसके बावजूद पार्टी में उनकी स्थिति जस की तस बनी हुई है। उन्होंने बताया कि उनके सवाल के जवाब में प्रधानमंत्री ने कहा था कि “हम देख रहे हैं।” इस पर कैप्टन ने जवाब दिया कि “साहब, आप पांच साल से देख ही रहे हैं, यह लंबा समय होता है।” इस मुलाकात के बाद भाजपा के पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया का फोन आया था, जिन्होंने चंडीगढ़ आकर मिलने की बात कही है।
कांग्रेस की गुटबाजी पर कसा तंज, हाईकमान को दी ‘डंडा’ चलाने की सलाह
भाजपा से नाराजगी के बीच कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपनी पुरानी पार्टी कांग्रेस के मौजूदा हालात पर भी टिप्पणी की। पंजाब कांग्रेस में चल रही आंतरिक कलह पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव के वक्त प्रताप सिंह बाजवा, चरणजीत सिंह चन्नी और परगट सिंह जैसे नेताओं के अलग-अलग गुट बन गए हैं, जो उनके दौर में कभी नहीं थे। कांग्रेस के भीतर एक खास सिस्टम काम करता है। यदि चुनाव से ठीक पहले पार्टी हाईकमान सख्ती दिखाए यानी ‘डंडा’ चलाए, तो सभी नेता एकजुट हो जाएंगे।







