पठानकोट से ऑनलाइन ठगी का एक चौंकाने वाला मामला

फेसबुक पर Step Counting ऐप डाउनलोड करना पड़ा महंगा! साइबर ठगों ने बैंक खातों से निकाले लाखों रुपये!

ऐप डाउनलोड करते ही उसका मोबाइल फोन हैक हो गया

अलग-अलग बैंक खातों से 1 लाख 38 हजार निकाल लिए

साइबर क्राइम पठानकोट में अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज

अनजान लिंक पर क्लिक करने से पहले पूरी जांच जरूर करें

पठानकोट

पंजाब के पठानकोट से ऑनलाइन ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां फेसबुक पर ‘स्टेप काउंटिंग’ ऐप डाउनलोड करना एक युवक को महंगा पड़ गया। ऐप डाउनलोड करते ही उसका मोबाइल फोन हैक हो गया और साइबर ठगों ने उसके अलग-अलग बैंक खातों से करीब 1 लाख 38 हजार रुपये निकाल लिए। ठगी का पता चलने पर युवक ने साइबर क्राइम पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस नंबर 41 दर्ज किया है। मामले की जांच इंस्पेक्टर अमित सिंह कर रहे हैं।

फेसबुक पर दिखा था ऐप डाउनलोड का लिंक

पुलिस को दी शिकायत में गांव बखनूर, थाना तारागढ़ निवासी रोहित ने बताया कि 22 नवंबर 2026 को वह अपने घर पर मोबाइल में फेसबुक चला रहा था। इसी दौरान उसकी स्क्रीन पर ‘स्टेप काउंटिंग’ ऐप का विज्ञापन दिखाई दिया। ऐप की जानकारी लेने के बाद उसने उसे डाउनलोड करने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक कर दिया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, ऐप डाउनलोड करते ही उसका मोबाइल फोन हैक हो गया।

अनजान APK फाइल और लिंक से रहें सावधान

इसके बाद साइबर ठगों ने उसके मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लिया और अलग-अलग बैंक खातों से कई अनधिकृत ट्रांजेक्शन कर करीब 1.38 लाख रुपये निकाल लिए। साइबर विशेषज्ञों और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर दिखने वाले अनजान विज्ञापनों, APK फाइलों और थर्ड-पार्टी ऐप को डाउनलोड करने से बचें। अनजान लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी पूरी जांच जरूर करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *