UK में रह रहे कुल्हड़ पिज्जा कपल फिर चर्चा में, ‘मैं रहूं या न रहूं, मेरे परिवार को परेशान मत करो : सहज अरोड़ा
यूके में रह रहे सहज अरोड़ा ने अस्पताल से एक भावुक अपील की है
खास तौर पर पत्नी गुरप्रीत कौर और बच्चों को निशाना न बनाया जाए
पिछले तीन सालों से उनका परिवार बेहद मुश्किल दौर से गुजर रहा है
लोगों से अनुरोध-परिवार को अपनी जिंदगी शांति से जीने दिया जाए
मशहूर कुल्हड़ पिज्जा कपल एक बार फिर चर्चा में है। यूके में रह रहे सहज अरोड़ा ने अस्पताल से एक भावुक अपील की है। सहज के मुताबिक, वह अस्पताल में भर्ती हैं और उनका एक ऑपरेशन हो चुका है। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों ने शरीर में ट्यूमर होने की आशंका जताई है। हालांकि, इस संबंध में अभी किसी अंतिम मेडिकल रिपोर्ट की पुष्टि सामने नहीं आई है। अस्पताल से लोगों को संबोधित करते हुए सहज अरोड़ा ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि उनकी जिंदगी कितनी बची है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अब उनके परिवार को ट्रोल करना बंद कर दिया जाए। खास तौर पर उनकी पत्नी गुरप्रीत कौर और बच्चों को निशाना न बनाया जाए।

वह अब सिर्फ अपने परिवार के लिए शांति चाहते हैं
सहज ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं चाहा था कि उन्हें इस तरह की बदनामी या विवादों के कारण पहचान मिले। उनके मुताबिक, पिछले तीन सालों से उनका परिवार बेहद मुश्किल दौर से गुजर रहा है और अब वह लोगों की बातें सुनकर थक चुके हैं। सहज ने भावुक होते हुए कहा कि उन्हें नहीं पता कि वह आगे जिंदगी में रहेंगे या नहीं, लेकिन उनकी पत्नी और बच्चों को अब परेशान करना बंद किया जाए। ब्लैकमेलिंग के मामले में सहज ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि इस पूरे मामले में कौन-कौन लोग शामिल थे। वह अब सिर्फ अपने परिवार के लिए शांति चाहते हैं।
विवादों के कारण सुर्खियों में कुल्हड़ पिज्जा कपल
बता दें कि जालंधर के सहज अरोड़ा और गुरप्रीत कौर सोशल मीडिया पर ‘कुल्हड़ पिज्जा कपल’ के नाम से मशहूर हुए थे। यह जोड़ा कई विवादों के कारण सुर्खियों में रहा। एक निजी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कपल को लंबे समय तक ऑनलाइन ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। अब सहज अरोड़ा की अस्पताल से की गई अपील के बाद यह मामला फिर चर्चा में है। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया है कि पुराने विवादों को लेकर उनकी पत्नी और बच्चों को निशाना न बनाया जाए और परिवार को अपनी जिंदगी शांति से जीने दिया जाए।








