जालंधर में अवैध खोखे हटाने पहुंची निगम टीम पर पथराव, दो पक्षों में जमकर मारपीट; महिला समेत 2 हिरासत में
दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और इलाके में जमकर ईंट-पत्थर चले
हाथापाई भी हुई, घटना के बाद इलाके में काफी देर तनाव का माहौल बना रहा
थाना नंबर-1 की पुलिस मौके पर पहुंची, महिला सहित दो लोग हिरासत में लिए
वहीं घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी झड़प का वीडियो बना लिया
जालंधर
जालंधर की भगत सिंह कॉलोनी में अवैध कब्जों को हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। जेसीबी मशीन से खोखे हटाने की कार्रवाई शुरू होते ही विवाद भड़क गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और इलाके में जमकर ईंट-पत्थर चले। इस दौरान हाथापाई भी हुई। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा। सूचना मिलते ही थाना नंबर-1 की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को कंट्रोल में लिया। पुलिस ने एक महिला सहित दो लोगों को हिरासत में लिया है।
जेसीबी चलते ही शुरू हुआ विरोध, दोनों पक्षों में पथराव

जानकारी के मुताबिक, निगम टीम भगत सिंह कॉलोनी में बनाए गए दो खोखों को हटाने के लिए पहुंची थी। टीम ने जैसे ही जेसीबी की मदद से इन्हें हटाने की प्रक्रिया शुरू की, वहां मौजूद कुछ लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों की ओर से ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे। हालात ऐसे बन गए कि दूसरे पक्ष ने भी जवाबी पथराव किया।
वीडियो में कैद हुई झड़प, प्रवासी व्यक्ति की भी पिटाई
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी झड़प का वीडियो बना लिया। सामने आए वीडियो में दोनों पक्षों के बीच मारपीट और पथराव होता दिखाई दे रहा है। एक वीडियो में कुछ लोग एक प्रवासी व्यक्ति को पकड़कर उसकी पिटाई करते नजर आ रहे हैं। वहीं, एक महिला को भी पत्थर फेंकते हुए देखा जा सकता है। दूसरी तरफ स्थानीय लोगों की ओर से भी जवाबी पथराव किया गया। घटना के चलते मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बिना नोटिस कार्रवाई का आरोप, लोगों ने की शिकायत
खोखे हटाने का विरोध कर रहे प्रवासियों का आरोप है कि नगर निगम की टीम ने बिना किसी पूर्व नोटिस के कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं, कॉलोनी के स्थानीय निवासियों का कहना है कि अवैध रूप से खोखे बनाकर कब्जा किया गया था। इस संबंध में प्रशासन को शिकायत दी गई थी। मामले को लेकर थाना नंबर-1 के SHO अजमेर लाल ने बताया कि नगर निगम की टीम भगत सिंह कॉलोनी में दो खोखे हटाने पहुंची थी।









