पंजाब में 28 से 30 अक्टूबर तक बारिश के आसार, आंधी-बिजली को लेकर यलो अलर्ट जारी
29 और 30 अक्टूबर को 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका
पंजाब और चंडीगढ़ में दिन के समय धूप से गर्मी, जबकि सुबह व रात के तापमान में गिरावट
फरीदकोट में अधिक तापमान 33 डिग्री, पठानकोट में न्यून तापमान 11.7 डिग्री दर्ज किया है
पंजाब के लोगों को मौसम विभाग की ताजा एडवाइजरी पर नजर रखने की सलाह दी जाती है
पंजाब में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। आज राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन 29 व 30 अक्टूबर के बीच कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 29 और 30 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। इसे देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब और चंडीगढ़ में इन दिनों दिन के समय धूप के कारण गर्मी महसूस हो रही है, जबकि सुबह और रात के तापमान में गिरावट से ठंडक बढ़ने लगी है।

पंजाब और आसपास मौसम बदलने की संभावना
मौसम में इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बताया जा रहा है। उत्तर हरियाणा के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जबकि 28 अक्टूबर की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके असर से पंजाब और आसपास के इलाकों में मौसम बदलने की संभावना है। लोगों को मौसम विभाग की ताजा एडवाइजरी पर नजर रखने की सलाह दी जाती है।
फरीदकोट में अधिकतम तापमान 33 डिग्री दर्ज
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, फरीदकोट में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, पठानकोट में न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री रहा। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 31.4 और न्यूनतम 15 डिग्री दर्ज किया गया। अमृतसर में अधिकतम तापमान 28.5 और न्यूनतम 14.9 डिग्री रहा। लुधियाना में अधिकतम तापमान 30.4 और न्यूनतम 15.6 डिग्री, जबकि पटियाला में अधिकतम 31.4 और न्यूनतम 14.7 डिग्री दर्ज किया।








